पंचकूला। यूनिसेफ द्वारा घोषित विश्व ताईची दिवस के मौके पर चेन्नई के ब्लू फ्लैग बीच पर आयोजित ओपन बीच ताईची राष्ट्रीय चैंपियनशिप में हरियाणा के खिलाड़ियों ने अपनी धमक दिखाई है। भारतीय वूशु संघ की ओर से आयोजित इस नेशनल चैंपियनशिप में देशभर के 200 से अधिक धुरंधरों ने हिस्सा लिया, जिसमें पंचकूला के ताऊ देवी लाल स्टेडियम की वूशु नर्सरी के खिलाड़ियों ने पदकों की झड़ी लगा दी।चेन्नई की रेतीली पिचों पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए कुमारी आराध्या ने एक स्वर्ण और एक रजत पदक पर कब्जा जमाया। वहीं, गोहान ने भी शानदार फॉर्म जारी रखते हुए दो रजत पदक अपने नाम किए। इन दोनों खिलाड़ियों के दमदार प्रदर्शन की बदौलत हरियाणा की टीम चैंपियनशिप में द्वितीय उपविजेता (सेकंड रनर-अप) बनकर उभरी। खिलाड़ियों की इस बड़ी उपलब्धि पर जिला खेल अधिकारी नील कमल और वूशु सचिव गुरदीप खोखर ने खुशी जाहिर की है।
सक्सेना के मार्गदर्शन में निखर रही प्रतिभा
खास बात यह है कि दोनों ही होनहार खिलाड़ी ताऊ देवी लाल वूशु नर्सरी सेंटर में कोच अभिलाष सक्सेना की देखरेख में बारीकियां सीख रहे हैं। खेल विशेषज्ञों का मानना है कि इस जीत से जिला स्तर पर वूशु और ताईची जैसे खेलों को नई पहचान मिलेगी।