शॉर्ट सर्किट से वीरवार को गांव कामी में नौ एकड़ गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। घटना बिजली की ढीली तार की वजह से हुई। बिजली की यह तारें खेत के ऊपर से होकर गुजर रही थीं। शॉर्ट सर्किट से चिंगारी निकली, जो फसल के बीच गिरी। देखते ही देखते आग ने कई किसानों की फसल जलकर राख हो गई।
किसानों ने आग को बुझाने की कोशिश की, लेकिन वह पूरी तरह फसल नहीं हो पाए। किसानों ने घटना की सूचना बरवाला पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी। फायर ब्रिगेड की गाड़ी व कर्मचारी घटनास्थल पर पहुंचे, लेकिन जहां आग लगी थी वहां तक रास्ता न होने के कारण फायर की गाड़ी नहीं पहुंच पाई। सूचना के दो घंटे बाद बरवाला पुलिस मौके पर पहुंची। जबकि पुलिस चौकी घटनास्थल से आधा किलोमीटर की दूरी पर है।
घटना में कामी के किसान संजय की चार एकड़, प्रवीण की 3 एकड़ और देवेंद्र की दो एकड़ गेहूं की फसल जलकर राख हो गई है। प्रवीण की गेहूं की फसल के साथ लगती एक एकड़ सूरजमुखी व आधा एकड़ प्याज की फसल भी बुरी तरह से झुलस गई है।
किसान चेतन शर्मा, भूषण कुमार, रामकुमार, योगेश्वर शर्मा, अविनाश, बंटी ने बताया कि किसानों व ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया गया। उधर फायर ब्रिगेड के चालक पवन, कर्मचारी दलजीत, कर्मवीर, कर्मजोत ने बताया कि फायर ब्रिगेड की गाड़ी सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंची थी। पीड़ित किसानों ने फसल जलने की लिखित शिकायत बरवाला में ग्राम सभा की मीटिंग के दौरान एडीसी हेमा शर्मा को भी दी, जिन्होंने पटवारी को उनकी जली फसल की गिरदावरी करने के आदेश दिए हैं।