हरियाणा के परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा ने कहा है कि सरकार का प्रयास है कि यातायात के नियमों का दृढ़ता से पालन करना सुनिश्चित हो और दुर्घटनाओं में 50 प्रतिशत तक कमी लाना लक्ष्य है। इसके लिए सभी विभागों को पूर्ण तालमेल के साथ कार्य करना है। परिवहन मंत्री लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में 31वें राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा सप्ताह के आयोजन पर बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए ट्रक और मोटर साइकिल के काफिले को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने पेंटिंग प्रतियोगिता का भी अवलोकन किया और उसमें अपने हाथों से यातायात संबंधी चिन्ह उकेरे। उन्होंने लोगों को यातायात नियमों की पालना करने, निष्ठावान ड्राइवर बनाने, बिना रजिस्ट्रेशन एवं लाइसेंस के वाहन न चलाने, सड़क दुर्घटनाओं से वंचित सभ्य एवं संस्कारवान समाज का निर्माण करने की शपथ भी दिलाई। परिवहन मंत्री ने कहा कि विभाग की बसों में वीएलटीएस नामक ऐसे बटन लगाए जाएंगे जिससे बसों की लोकेशन के बारे में आसानी से पता चल सकेगा। इसके अलावा किसी भी प्रकार की दुर्घटना की जानकारी के समय भी उसकी स्थिति का पता चल सकेगा, ताकि जल्द से जल्द प्राथमिक उपचार के लिए पहुंचा जा सके। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को शिक्षा के दौरान किताबों में भी यातायात नियमों को जागरूकता लाने के लिए पाठ्यक्रमों में शामिल किया जाएगा। उन्होंने अभिभावकों से अनुरोध किया कि वे बच्चों को बिना लाइसेंस के वाहन चलाने की अनुमति न दें।
माफिया से सख्ती से निपटा जाएगा
हरियाणा में हो रही माइनिंग और हाल ही में माइनिंग की शिकायत मिलने पर जांच के लिये गई पंचकूला पुलिस पर हुए हमले पर ट्रांसपोर्ट मंत्री मूलचंद शर्मा ने कहा कि माफियाओं के साथ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जो कोई माफिया सरकार को चूना लगाने का काम करेगा। ऐसे लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। वहीं सीआईडी विभाग को लेकर मुख्यमंत्री मनोहर लाल और स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज के बीच चल रही खींचतान के बाद हाल ही में सीआईडी विभाग मुख्यमंत्री को दिए जाने और मंत्रियों के विभाग बदलने पर जवाब देते हुए मंत्री ने कहा कि सब बढ़िया चल रहा है और सब सुंदर है। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री का पक्ष लेकर कहा कि विभाग बदलना ना बदलना मुख्यमंत्री का अधिकार है।