पंचकूला के पुलिस कमिश्नर की विदाई पार्टी पर पहुंचीं पुलिस अधिकारी डीसीपी हिमाद्री कौशिक।
राकेश कुमार के विदाई समारोह में शामिल हुए डीसीपी सहित अन्य अधिकारी
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। पुलिस आयुक्त पंचकूला के रूप में 1 नवंबर 2024 से सेवाएं दे रहे राकेश कुमार आर्य का तबादला पुलिस मुख्यालय में लॉ एंड ऑर्डर प्रभारी के रूप में हो गया है। इस अवसर पर पुलिस कमिश्नरेट कार्यालय, मनसा देवी में गरिमामयी विदाई समारोह हुआ। इसमें डीसीपी हिमाद्रि कौशिक, सभी शाखा इंचार्ज व अन्य वरिष्ठ पुलिस कर्मचारी उपस्थित रहे। विदाई संबोधन में राकेश कुमार आर्य ने सभी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सख्ती कार्य का हिस्सा है, उसमें द्वेष नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि सिस्टम में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा और जो सुविधाएं व वेतन हमें मिलती हैं, उसके बदले हमें ईमानदारी से कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए। राकेश कुमार आर्य ने आश्वासन भी दिया कि भले ही वे पुलिस मुख्यालय में नई भूमिका में होंगे, लेकिन पंचकूला पुलिस के लिए हरसंभव सहायता के लिए सदैव तत्पर रहेंगे। समारोह में अधिकारियों ने राकेश कुमार आर्य के कार्यकाल के दौरान किए गए कार्यों को याद करते हुए उनके नेतृत्व को रचनात्मक और प्रभावी बताया। कार्यक्रम के दौरान स्टाफ सदस्यों ने उन्हें कविता और किस्सों के माध्यम से याद किया।
राकेश कुमार आर्य के कार्यकाल में अनेक पहल की गईं, जिनमें डिजिटल ई-बीट सिस्टम की शुरुआत, अवैध रूप से रह रहे प्रवासियों की पहचान, नशा मुक्ति अभियान और अवैध खनन पर रोक लगाने जैसे प्रयास शामिल हैं। पुलिस द्वारा की गई वेरिफिकेशन प्रक्रिया के तहत 5500 से ज्यादा लोगों की जांच की गई, जिसमें 92 परिवार संदिग्ध पाए गए।