पंचकूला। सेक्टर-15 पंचकूला में शहर की स्वच्छता एवं हरियाली को लेकर वरिष्ठ नागरिक मंच के तत्वाधान में संस्था के वरिष्ठ सदस्य केसी भारद्वाज के सौजन्य से एक बैठक का आयोजन किया गया। इसमें संस्था के सदस्य एवं जजपा पंचकूला जिला अध्यक्ष ओपी सिहाग ने सदस्यों को संबोधित करते हुए कहा कि हाल ही में भारत सरकार द्वारा 2024 में देश भर के जनसंख्या के आधार पर स्वच्छता सर्वेक्षण के घोषित नतीजों में 3 लाख तक की आबादी के शहरों में पंचकूला को 219 वां रैंक हासिल हुआ है। जबकि पिछले साल के स्वच्छता सर्वेक्षण में पंचकूला 139वें नंबर पर था। यह गैरजिम्मेदार जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के कारण हुआ है।
इस प्रकार पंचकूला सफाई के मामले में टॉप के 100 शहरों में शामिल होने के बजाय 80 पायदान नीचे चला गया। जो कि इस शहर के लिए बहुत ही शर्म की बात है। जबकि 2024 मे नगर निगम में सफाई के मामले में लगभग 20 करोड़ रुपये ज्यादा खर्च किए गए हैं। संस्था के सदस्य केसी भारद्वाज ने कहा कि अगर पंचकूला को स्वच्छता एवं अन्य कार्यों में आगे बढ़ाना है तो पंचकूला की जनता को आने वाले नगर निगम के चुनाव में असक्षम एवं अयोग्य लोगों को बाहर निकालना होगा और ईमानदार, योग्य, निपुण एवं अनुभवी लोगों को आगे लाना होगा। इस कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिक मंच प्रधान ओपी सिंगला, संयोजक कर्म सिंह चहल, सुरिंदर चड्डा, जयपाल सिंह, कप्तान डीवी सिंह, सतबीर धनखड़, सतीश बजाज, कमलेश गुप्ता, एचसी गेरा, राकेश कपूर, केके दहिया, परवीन गोयल, सुदेश पाठक, राजबीर चौधरी, ब्राहमप्रकाश, धर्मवीर खरब, बलराम, लक्ष्मी नारायण शर्मा आदि मौजूद थे।