पंचकूला के जनरल अस्पताल एक बार फिर से डाक्टरों की किल्लत से जूझता नजर आएगा। नागरिक अस्पताल के 17 डाक्टरों ट्रांसफर कर दिया गया है। इसमें से 3 डॉक्टर एसएमओ पद पर तैनात हैं और 14 मेडिकल ऑफिसर के पद पर तैनात हैं। हरियाणा स्वास्थ्य विभाग ने शुक्रवार को डाक्टर्स के ट्रांसफर ऑर्डर जारी किए।
पंचकूला के नागरिक अस्पताल से जिन डाक्टर का तबादला किया गया है उनमें डॉ. आभा गुप्ता, डॉ. अमरजीत सिंह, डॉ. हरप्रीत कौर, डॉ. ममता अत्री, डॉ. मनदीप सिंह, डॉ. मनोज त्यागी, डॉ. मोनिका बाली, डॉ. मोनेंद्र सिंह, डॉ. पुनीत गुप्ता, डॉ. रीटा कोतवाल, डॉ. रोहित, डॉ. शालिनी शर्मा, डॉ. श्वेता वशिष्ठ, डॉ. सुषमा अरोड़ा के अलावा डॉ. संगीता सिंगल, डॉ. अश्वनी कुमार, डॉ. उमेश मोदी शामिल हैं। यह सभी डाक्टर अपनी फील्ड के माहिर माने जाते हैं। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि यदि तबादलों से ज्यादा असर पड़ता है तो एकबार इस लिस्ट को रिव्यू भी किया जा सकता है।
उधर, स्वास्थ्य विभाग में ऑनलाइन तबादलों के बाद प्रदेश के डाक्टरों का गुस्सा फूट गया है। सरकार द्वारा बड़े स्तर पर डाक्टरों के तबादले कर दिए गए हैं। सरकार द्वारा 440 मेडिकल ऑफिसर्स (एमओ) और 42 सीनियर मेडिकल ऑफिसर का ऑनलाइन तबादला किया गया है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा ऑनलाइन ट्रांसफर के लिए प्रदेश के डॉक्टर्स से आवेदन मांगे गए थे, जिनके तबादले की शुक्रवार को रेशनलाइजेशन के आधार पर किए गए। स्वास्थ्य महानिदेशक डा. कमला सिंह ने बताया कि कुछ डॉक्टरों द्वारा सही डाटा अपडेट नहीं किया गया था, जिसके चलते हो सकता है कि कुछ तबादले गलत हुए हो। उन्होंने कहा कि डॉक्टर्स को रिजाइन देने की जरूरत नही पड़ेगी।
डीजी ने बताया कि जिन जिलों में डॉक्टरों की कमी थी, उन जिलों में डॉक्टरों की कमी को पूरा किया गया और जहां स्वीकृत पद से ज्यादा थे, उन डॉक्टर्स को भी हटा खाली पड़ी जगहों पर लगाया गया है। ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन में कुछ गलतियां हुई हैं, जिन्हें स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज के समक्ष रखा गया है और निर्णय लिया गया कि तबादलों में हुई गलतियों को सुधारा जा सके। उल्लेखनीय है कि प्रदेश सरकार ने तबादला करने से पहले प्रदेश के सभी डॉक्टरों से ऑनलाइन डाटा अपडेट करने को कहा था और चुनिंदा स्टेशन के बारे पूछा गया था।