औद्योगिक क्षेत्र फेज-2 और सेक्टर-15 में पाइपलाइन की मरम्मत के कारण घंटों लगा रहा जाम
पीएमडीए का दावा 27 जनवरी तक रास्ता खुलेगा
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। औद्योगिक क्षेत्र फेज-2 और परशुराम चौक सेक्टर-15 के पास सड़क धंसने से पंचकूला से चंडीगढ़ जाने वाला मुख्य मार्ग बंद हो गया। शनिवार को दिनभर हजारों वाहन जाम में फंसे रहे। अनुमान है कि लगभग इस दाैरान करीब 15 हजार वाहनों का आवागमन दिनभर प्रभावित हुआ। पंचकूला निवासी सुनील वशिष्ठ, एसके नैयर ने बताया कि विभाग ने काम तो शुरू कर दिया लेकिन लोगों की परेशानी का बिल्कुल ध्यान नहीं रखा। ऐसे में विभाग को एडवाइजरी जारी कर सचेत करना चाहिए था।
पीएमडीए (पंचकूला महानगर विकास प्राधिकरण) ने धंसी स्ट्रॉम वाटर पाइपलाइन की मरम्मत का काम शुरू किया। सेक्टर-15 लाइट प्वाइंट और औद्योगिक क्षेत्र फेज-2 के पास काम शुरू होने के कारण मुख्य मार्ग और आंतरिक सड़कों पर भारी जाम रहा। खासकर हल्लोमाजरा से चंडीगढ़ आने वाली ट्रैफिक के कारण हालात और गंभीर बने। पुलिस ने गड्ढे के चारों ओर बैरिकेडिंग कर क्षेत्र को सुरक्षित कर दिया है।
27 जनवरी तक मार्ग खुलेगा
पीएमडीए अधिकारियों के अनुसार, मौसम अनुकूल रहने पर पाइपलाइन का काम 25 और 26 जनवरी तक पूरा हो जाएगा और 27 जनवरी तक वाहनों के लिए मार्ग खोल दिया जाएगा।
औद्योगिक क्षेत्र फेज-2 और सेक्टर-15 के बीच धंसी पाइपलाइन का काम शुरू कर दिया गया है। मौसम ठीक रहा तो 48 घंटे में काम पूरा कर लिया जाएगा और 27 जनवरी तक मार्ग सामान्य हो जाएगा। - राजबीर, एसडीओ, पीएमडीए