पंचकूला में बनाया जा रहा सब स्टेश्ान
- फोटो : अमर उजाला
सेक्टर-22 में 66 केवी का सब स्टेशन बनाया जा रहा है। इससे आईटी पार्क की कंपनियों को जहां 24 घंटे बिजली की सप्लाई मिलेगी। वहीं घग्गर पार के लोगों की बिजली से संबंधित समस्याएं दूर हो सकेंगी। यह सब स्टेशन एचएसआईआईडीसी द्वारा आईटी पार्क में बनवाया जा रहा है।
इस सब स्टेशन से आईटी पार्क की कंपनियों और सेक्टर-22 की सोसायटी में बिजली की सप्लाई फिलहाल दी जाएगी। हरियाणा स्टेट इंडस्ट्रियल एंड इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (एचएसआईआईडीसी) के मुताबिक एक माह के अंदर इस सब स्टेशन का काम पूरा कर लिया जाएगा। एचएसआईआईडीसी के मैनेजर सुरेंद्र सिंह ने बताया कि करीब एक करोड़ की लागत से यह सब स्टेशन बनाया जा रहा है। जल्द ही फीडर का काम पूरा होने पर सब स्टेशन शुरू कर दिया जाएगा।
घग्गर पार के लोगों को मिलेगी सुविधा
अभी आईटी पार्क में 11 केवी फीडर से बिजली की सप्लाई दी जा रही है। ऐसे में आईटी पार्क में सब स्टेशन बन जाने पर 11 केवी फीडर की सप्लाई की सुविधा घग्गर पार के लोगों को मिल सकेगी। घग्गर पार का एरिया सेक्टर-23 से 28 तक में वोल्टेज फ्लक्चुएशन, ट्रीपिंग या पावर कट जैसी समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा। घग्गर पार के सेक्टरों में करीब पांच हजार से ज्यादा कंज्यूमर हैं, उन्हें इसका फायदा मिल सकेगा।