प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ दस हजार हरियाणवी योग करेंगे। 21 जून को होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस में प्रत्येक जिले से सौ-सौ प्रतिभागी आएंगे। पंचकूला और अंबाला से एक हजार प्रतिभागी, जबकि पतंजलि योग समिति के पांच हजार योग साधक हिस्सा लेंगे। जिला प्रशासन ने योग दिवस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं।
जिला उपायुक्त डा. गरिमा मित्तल व आयुष विभाग के महानिदेशक डा. साकेत कुमार की अध्यक्षता में लघु सचिवालय के कांफ्रेंस हाल में समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। इसमें पतंजलि योगपीठ के प्रतिनिधियों के अलावा जिला प्रशासन के अधिकारियों ने भाग लिया। उपायुक्त ने कहा कि 12 से 14 जून को सेक्टर-5 स्थित परेड ग्राउंड में योग साधकों द्वारा राज्यपाल, मुख्यमंत्री व हरियाणा मंत्रीमंडल के सभी मंत्री व अधिकारियों को योग गुरु रामदेव योग का प्रशिक्षण देंगे। प्रशिक्षण के बाद चंडीगढ़ में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस में भाग लेने वाले प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा।
इस बैठक के बाद सेक्टर-5 स्थित परेड ग्राउंड में सभी अधिकारियों ने दौरा कर कार्यक्रम के लिए की जाने वाली तैयारियों को जायजा लिया। इस बैठक में उपायुक्त अंबाला प्रभजोत सिंह, पुलिस उपायुक्त अनिल धवन, आरटीए अमरदीप सिंह, अतिरिक्त उपायुक्त हेमा शर्मा, एसडीएम पंचकूला राधिका सिंह, एसडीएम कालका आशुतोष राजन, सीटीएम ममता शर्मा, एसीपी मुकेश कुमार मौजूद रहे।
यहां प्रतिभागियों को ठहराएंगे
पंचकूला की उपायुक्त ने कहा कि बाहर से आने वाले प्रतिभागियों के नाडा साहिब गुरुद्वारा, मनसा देवी, जाट भवन, गुज्जर भवन, सूद भवन, यादव भवन व विभिन्न सेक्टर के सामुदायिक केंद्रों एवं स्कूलों में ठहरने की व्यवस्था की गई है। पतंजलि योग समिति के पदाधिकारियों व एसडीएम कालका, तहसीलदार पंचकूला, एसडीएम अंबाला को जहां-जहां प्रतिभागियों के लिए रात्रि ठहराव की व्यवस्था का जायजा लेने को कहा गया है। प्रतिभागियों को लाने और ले जाने के लिए जिला प्रशासन ने 100 बसों की व्यवस्था की है। 18 जून को प्रतिभागी पंचकूला में रुकेंगे और 19 जून को चंडीगढ़ में निर्धारित की गई फुल ड्रेस रिहर्सल में भाग लेंगे।
ग्रुप लीडर और एसोसिएट ग्रुप लीड की दें सूची
आयुष विभाग के महानिदेशक डा. साकेत कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चंडीगढ़ कैपिटल कांप्लेक्स में योग कार्यक्रम एक प्रतिष्ठित कार्यक्रम होगा। क्योंकि देश के साथ-साथ पूरे विश्व में इसका प्रसारण होगा। उन्होंने पतंजलि योग समिति के पदाधिकारियों से कहा कि वह ग्रुप लीडर और एसोसिएट ग्रुप लीडर की सूची जिला प्रशासन को तुरंत उपलब्ध करवाएं। जिससे चंडीगढ़ प्रशासन के पास इसकी जानकारी दी जा सके।