त्रिलोकपुर बीट के रामपाल के समर्थन में उतरी पंचायत, बिना जांच कार्रवाई पर उठाए सवाल
संवाद न्यूज एजेंसी
मोरनी। त्रिलोकपुर बीट के वन दरोगा रामपाल के निलंबन को लेकर अब पंचायतों का विरोध सामने आने लगा है। ग्राम पंचायत भोज प्लासरा ने लिखित पत्र जारी कर वन विभाग की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए दरोगा की बहाली की मांग की है।
सरपंच परसजीत और ग्रामीणों ने कहा कि रामपाल को बिना उचित जांच और स्पष्ट कारण बताए निलंबित किया गया, जो तय प्रक्रिया के खिलाफ है। उनका कहना है कि अपने कार्यकाल के दौरान रामपाल ने क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाई और जंगल में अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए प्रभावी कदम उठाए।
पंचायत ने पत्र में यह भी उल्लेख किया कि दरोगा द्वारा लगाए गए दो चेक पोस्ट के बाद गांवों में चोरी की घटनाओं में कमी आई है और जंगल में संदिग्ध गतिविधियों पर नियंत्रण हुआ है।
ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों ने वन विभाग प्रशासन से मांग की है कि रामपाल को दोबारा उसी बीट में तैनात किया जाए, ताकि क्षेत्र में कानून व्यवस्था और वन संरक्षण का कार्य प्रभावित न हो।