संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजपुर। पाकिस्तान की तरफ से बांध तोड़ कर पानी भारतीय गांव गट्टी राजोके व टेंडी वाला में घुस गया है। ग्रामीणों ने अपना कीमती सामान व खान-पान की सामग्री संभालनी शुरू कर दी है।
लोगों ने बताया कि पाकिस्तान की तरफ से आरजी बांध तोड़कर पानी हुसैनीवाला बॉर्डर से सटे गांव गट्टी राजोके व टेंडी वाला की तरफ आया है। पानी की रफ्तार काफी तेज है। खेतों में लगी फसल डूब चुकी है। सतलुज दरिया में भी जलस्तर काफी बढ़ा हुआ है। टेंडी वाला की तरफ से पाकिस्तान की ओर से आ रहा पानी भी तबाही मचा रहा है। यहां मिट्टी के बैग नहीं लगाए तो हुसैनीवाला से सटे गांवों को पानी नुकसान पहुंचा सकता है।