चंडीगढ़। शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर बादल ने सोमवार को कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार ग्रामीण क्षेत्र में बिजली सप्लाई का कुप्रबंधन करके कृषि अर्थव्यवस्था को खतरे में डाल रही है। गंभीर बिजली कटौती के कारण धान की रोपाई प्रभावित हो रही है।बादल ने कहा कि ऐसे समय में जब नहरें लगभग सूख चुकी हैं, आप सरकार ग्रामीण क्षेत्र में अनिवार्य आठ घंटे की निर्बाध बिजली आपूर्ति प्रदान करने में नाकाम रही है, जबकि मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बड़े-बड़े दावे किए थे कि उन्होंने धान की रोपाई के लिए बिजली आपूर्ति के पर्याप्त प्रबंधन किए हैं। बादल ने कहा कि किसानों को मुश्किल से चार से पांच घंटे बिजली मिल रही है, जिसके कारण किसानों को पहले लगाए गए धान के पौधे सुख जाने के बाद दोबारा रोपाई करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि आप सरकार द्वारा धान की फसल के लिए पर्याप्त बिजली की सप्लाई उपलब्ध न करवाने के कारण धान की पैदावार प्रभावित हो रही है। व्यापक शिकायतों और विरोध के बावजूद आप सरकार इस संकट को स्वीकार करने के लिए भी तैयार नहीं हैं। ग्रामीण क्षेत्र के अलावा घरेलू बिजली सप्लाई भी प्रभावित हुई है और कस्बों और शहरों में रोजाना दो से तीन घंटे की बिजली कटौती की जा रही है।