चंडीगढ़। पंजाब की मंडियों में धान की आमद 144 लाख मीट्रिक टन (एलएमटी) को पार कर गई है। साथ ही 140 लाख एलएमटी की खरीद भी हो चुकी है।
खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री लाल चंद कटारूचक्क ने बताया कि मंडियों में आवश्यक प्रबंध किए गए हैं ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि किसान, आढ़तियों, मजदूरों सहित किसी भी हितधारक को किसी भी परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि जल्द ही 150 लाख मीट्रिक टन से ऊपर की आमद हो जाएगी।
फसल के भुगतान के मामले में किसानों के खातों में अब तक 32,000 करोड़ रुपये से अधिक की राशि ट्रांसफर की जा चुकी है। कैबिनेट मंत्री ने किसानों से अपील की है कि वे मंडियों में सूखी फसल लेकर आएं ताकि उन्हें अपनी कड़ी मेहनत से पैदा की गई फसल का पूरा मूल्य मिल सके।
प्रदेश में धान की आमद बढ़ने के साथ ही कई जिलों से धान की स्टोरेज की समस्या भी आनी शुरू हो गई है। हालांकि सरकार की तरफ से दावा किया जा रहा है कि किसानों को कहीं पर भी परेशानी का सामना नहीं करने दिया जाएगा। हर मंडी में भंडारण के लिए उचित व्यवस्था की जा रही है।