मौली के पास हाईवे पर बड़ा हादसा टला, ट्रैक्टर चालक ने कूदकर बचाई जान एक कार चालक घायल
संवाद न्यूज एजेंसी
बरवाला। पंचकूला-यमुनानगर राष्ट्रीय राजमार्ग-7 पर गांव मौली के निकट ईंटों से भरी एक ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार करते हुए दूसरी लेन में पलट गई। हादसे में पंचकूला की ओर से आ रही दो कारें भी इसकी चपेट में आ गईं। गनीमत रही कि बड़ा हादसा टल गया और केवल एक कार चालक को मामूली चोटें आईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर-ट्रॉली शहजादपुर की ओर से आ रही थी। अचानक चालक का वाहन पर से नियंत्रण बिगड़ गया। स्थिति को भांपते हुए चालक ने ट्रैक्टर से कूदकर अपनी जान बचाई। इसके बाद ट्रॉली डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में जा पलटी, जिससे वहां से गुजर रही दो कारें दुर्घटनाग्रस्त हो गईं।
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों ने डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी। घायल कार चालक को स्थानीय चिकित्सक से प्राथमिक उपचार दिलाया गया। दुर्घटना के कारण हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा।
पुलिस ने जेसीबी की मदद से पलटी हुई ट्रैक्टर-ट्रॉली को सड़क किनारे हटवाकर यातायात सुचारू कराया। हालांकि स्थानीय लोगों का आरोप है कि ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली के खिलाफ यातायात नियमों के उल्लंघन को लेकर कोई कार्रवाई नहीं की गई।
ग्रामीणों का कहना है कि हाईवे पर ओवरलोड वाहन लगातार दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से ऐसे वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।