भवन निर्माण से जुड़े श्रमिक जजपा के जिला शहरी प्रधान को ज्ञापन सौंपते हुए।
- फोटो : PKL OFFICE
पंचकूला। निर्माण कामगार श्रमिकों की समस्याओं को लेकर जजपा की लेबर सेल के पदाधिकारियों ने जिला शहरी प्रधान ओपी सिहाग के साथ रविवार को बैठक की। इसमें पार्टी की मजदूर शाखा प्रधान राकेश शर्मा और वार्ड नंबर-9 के पार्षद राजेश कुमार निषाद द्वारा निर्माण कामगार श्रमिकों को श्रम विभाग से मिलने वाली सुविधाओं और पंजीकरण में आ रही समस्याओं के बारे में जानकारी दी।
उन्होंने जजपा जिला प्रधान को बताया कि अंबाला में भवन एवं निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के क्षेत्रिय कार्यालय के अधिकारी मजदूरों को इस बोर्ड से मिलने वाली सुविधाओं का लाभ देने में आनाकानी करते हैं। यह बोर्ड मजदूरों के कल्याण के लिए बनाया गया है लेकिन 3-4 सालों से अधिकारियों की लापरवाही से सफेद हाथी साबित हो रहा है।
बोर्ड द्वारा संबंधित मजदूरों और उनके परिवारों की भलाई व कल्याण के लिए 32 स्कीमों के अंतर्गत लाभ दिए जाते हैं। जजपा अध्यक्ष ओपी सिहाग ने श्रम प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों की बातों को ध्यान से सुना और जल्द ही प्रदेश के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला व श्रम विभाग के राज्यमंत्री अनूप धानक के समक्ष उठाने बारे आश्वासन दिया। बैठक में पंचकूला नगर निगम के वार्ड नंबर-9 से पार्षद राजेश निषाद, श्रमिक प्रकोष्ठ से जिलाध्यक्ष राकेश शर्मा, श्रमिक नेता सुरेश पाठक के अलावा हीरामन, कुनाल कुमार व केहर सिंह पूर्व सरपंच मानकपुर नानकचंद उपस्थित रहे।