पंचकूला। कूरियर से पुणे भेजी जा रही अफीम और चरस का खुलासा हुआ है। पार्सल को स्कैन करने के दौरान इस मामले की जानकारी मिली। इसके तुरंत बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पाकर क्राइम ब्रांच-19 की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। पुलिस पार्सल भेजने वाले की तलाश में जुट गई है। पुलिस के अनुसार, सोमवार शाम को इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 स्थित डीटीडीसी एक्सप्रेस कंपनी के सीनियर एग्जीक्यूटिव सिक्योरिटी विजिलेंस डिपार्टमेंट ऑफिसर ने क्राइम ब्रांच को सूचना दी कि कंपनी में एक पार्सल पुणे जाने के लिए आया है। पार्सल का मशीन द्वारा एक्स-रे करने पर अंदर दो कप, दो चम्मच हैं। उसके अंदर कुछ संदिग्ध पदार्थ नजर आ रहा है। सूचना पाते ही टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद पार्सल को खोला गया। पार्सल के अंदर दो कप थे। अंदर से अफीम और चरस भी बरामद हुई। इसका वजन करने पर 40 ग्राम अफीम और 40 ग्राम चरस बरामद हुआ। पुलिस ने नशीले पदार्थों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।