चंडीगढ़। पंजाब में गैंगस्टरों के खिलाफ पुलिस के विशेष अभियान ऑपरेशन प्रहार का दूसरा चरण खत्म हो गया है। 72 घंटों के इस विशेष अभियान के तहत पुलिस ने विभिन्न जिलों में दबिश देकर 135 भगोड़ों समेत 3260 आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके पास से हथियार भी बरामद किए गए। डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि सूबे को गैंगस्टर फ्री बनाने के लिए ऐसी मुहिम और सख्ती जारी रहेगी।
डीजीपी ने बताया कि कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के निर्देश पर पंजाब को गैंगस्टर मुक्त राज्य बनाने के लिए चल रहे गैंगस्टरां ते वार अभियान के तहत ऑपरेशन प्रहार-2 के चलते 72 घंटों में वाछिंत अपराधियों से जुड़े 8278 जगहों पर दबिश दी गई। सोमवार को अभियान का दूसरा चरण शुरू किया गया था।
पंजाब पुलिस हेडक्वार्टर के सीनियर अधिकारियों ने खुद अलग-अलग पुलिस जिलों का दौरा करके ऑपरेशन को लीड किया। इसमें 12,000 कर्मचारियों वाली 2,000 से ज्यादा पुलिस टीमें शामिल थीं। डीजीपी ने बताया कि यह ऑपरेशन तब तक पूरी ताकत से जारी रहेगा जब तक पंजाब गैंगस्टर के खतरे से पूरी तरह साफ नहीं हो जाता।
पूरे राज्य में कुल 7,498 लोगों को पकड़ा गया जिनमें से 135 घोषित अपराधियों (भगौड़े) समेत 3260 को गिरफ्तार किया गया है। उनके पास से 47 हथियार, 4.8 किलो हेरोइन, 3.6 किलो अफीम, 42,797 नशीली गोलियां, 68 किलो पोस्त की भूसी और 30 लाख रुपये की ड्रग मनी भी बरामद की है।
इनके अलावा पुलिस टीमों ने 1,450 लोगों को एहतियात के तौर पर गिरफ्तार किया है जबकि 2,788 लोगों को वेरिफाई किया गया और पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया। डीजीपी ने कहा कि लोग एंटी गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 पर क्राइम और क्रिमिनल एक्टिविटी के बारे में टिप्स भी शेयर कर सकते हैं।
नशा तस्करी के 164 आरोपी हत्थे चढ़े
पुलिस टीमों ने ड्रग्स के खिलाफ छेड़े युद्ध नशे के विरुद्ध अभियान के 347वें दिन बुधवार को पंजाब के विभिन्न जिलों में दबिश देकर नशा तस्करी के 164 आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके पास से 11.9 किलो हेरोइन, 344 नशीली टैबलेट/कैप्सूल और 4700 रुपये ड्रग मनी बरामद की गई। 14 लोगों को नशा मुक्ति और इलाज के लिए मनाया गया।