आमजन के लिए चैरिटेबल दरों पर स्वास्थ्य सेवाएं, मंत्री और पूर्व स्पीकर ने किया उद्घाटन
एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड, ब्लड टेस्ट सहित नई ओपीडी सेवाओं का शुभारंभ
समाजहित कार्यों और सस्ती स्वास्थ्य सेवाओं के प्रयासों की अतिथियों ने सराहना की
संवाद न्यूज़ एजेंसी
पंचकूला। सेक्टर-5 स्थित अग्रसेन चैरिटेबल डायग्नोस्टिक एंड हेल्थ केयर सेंटर में मंगलवार को ओपीडी सेवाओं का शुभारंभ किया गया। सेंटर में पहले से ही एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड, ब्लड टेस्ट जैसी विभिन्न डायग्नोस्टिक सेवाएं संचालित थीं। इस अवसर पर आमजन के लिए चैरिटेबल दरों पर नई ओपीडी सेवाओं की शुरुआत की गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल उपस्थित रहे। समारोह की अध्यक्षता वरिष्ठ आरएसएस प्रचारक प्रेम जी गोयल ने की। विशिष्ट अतिथि पूर्व स्पीकर ज्ञान चंद गुप्ता एवं एस. पी. सिंगला भी मौजूद रहे। अतिथियों ने रीबन काटकर सेवाओं का उद्घाटन किया और ट्रस्ट द्वारा गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के प्रयासों की सराहना की।
मंत्री ने ट्रस्ट के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि सरकार शीघ्र ही ट्रस्ट के माध्यम से स्लम एरिया के बच्चों के लिए संचालित स्कूलों हेतु भूमि उपलब्ध कराने के प्रयास कर रही है और समाजहित कार्यों में सहयोग का आश्वासन दिया। समारोह में संस्था के प्रधान सत प्रकाश अग्रवाल, महासचिव जगमोहन गर्ग, वित्त सचिव अजय गर्ग और प्रोजेक्ट चेयरमैन अरुण सिंघल सहित शिवालिक बोर्ड के चेयरमैन ओमप्रकाश देवीनगर, पूर्व विधायक लतिका शर्मा और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।