पंचकूला। जिले में सीईटी परीक्षा के लिए सरकार द्वारा 44 केंद्र बनाए गए हैं। जिनमें 10707 परीक्षार्थी शामिल होंगे। आगामी 26 और 27 जुलाई को मॉर्निंग और इवनिंग शिफ्ट में यह परीक्षा होगी, जिसके मद्देनजर हरियाणा रोडवेज विभाग द्वारा लांग रूट की बसों को बंद करने का फैसला किया है। सीईटी परीक्षा के चलते हरियाणा रोडवेज की बसों का संचालन सिर्फ परीक्षार्थियों को यमुनानगर ले जाने-लाने और पंचकूला परीक्षा केंद्रों तक छोड़ने और वहां से लाने के लिए होगा।
पंचकूला से दिल्ली, पंजाब, हिमाचल प्रदेश के लिए बसें नहीं चलेंगी। यात्रियों को इन रूट पर सफर करने से पहले खुद प्रबंध करना होगा। हालांकि, विभाग की ओर से रोजमर्रा चलने वाली लोकल रूट की बसों के संचालन में किसी तरह का कोई बदलाव नहीं किया गया है। जिला के पंचकूला, नारायणगढ़, बरवाला, कालका, मोरनी और जीरकपुर के लिए रोडवेज बसें चलती रहेंगी। पंचकूला में हरियाणा रोडवेज के जीएम सुखदेव सिंह ने स्पष्ट किया कि परीक्षा के दोनों दिन उम्मीदवारों के लिए पंचकूला के सेक्टर 5 स्थित बस स्टैंड से सुबह 4 बजे से ही परीक्षार्थियों के लिए बसों का संचालन शुरू हो जाएगा। यमुनानगर जाने वाले परीक्षार्थियों के लिए हरियाणा रोडवेज की 136 बसें चलाई जाएंंगी। परीक्षा से पहले उम्मीदवारों की संख्या, उनके स्टॉपेज की जानकारी जुटाई जा रही है। इसके अलावा 20 बसें बस स्टैंड पर स्टैंडबाई रखी जाएंगी, ताकि परीक्षा के उम्मीदवारों को केंद्रों तक पहुंचाने और वहां से लाने में किसी तरह की असुविधा का सामना करना पड़े।
108 बसें जिले में चलाई जाएंगी, 11 रूट तैयार
पंचकूला में बनाए गए परीक्षा केंद्रों तक रोडवेज और प्राइवेट स्कूलों समेत 5 इलेक्ट्रिक बसें मिला कर कुल 108 चलाई जाएंगी। वहीं पंचकूला प्रशासन की तरफ से परीक्षार्थियों की संख्या को देखते हुए यदि जरूरत महसूस हुई तब सरकारी वाहनों को भी सडक़ पर उतारा जाएगा। जिला में बनाए गए 44 परीक्षा केंद्रों के लिए शटल बस सर्विस के मद्देनजर रोडवेज विभाग द्वारा 11 रूट तैयार किए गए हैं। इनमें पंचकूला में 266 दिव्यांग हैं, जिनका सेंटर चंडीगढ़ में है। जीएम ने कहा कि इन परीक्षार्थियों की जानकारी जुटाई जा रही है। रोडवेज की तरफ से रूट नंबर 1 में सेक्टर 9 स्थित ऐंडेल पब्लिक स्कूल में 240 परीक्षार्थी पहुंचेंगे। डीएवी सीनियर सेकेंडरी स्कूल सेक्टर 8 में 528, डीसी मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में सेक्टर 7 में 480 परीक्षार्थी पहुंचेंगे। रूट नंबर 2 में बीएन सीनियर सेकेंडेरी स्कूल सेक्टर 12 में 216 परीक्षार्थी, गवर्नमेंट सार्थक स्कूल सेक्टर 12ए पंचकूला में 576, ब्रिलियेंस वल्र्ड स्कूल सेक्टर 12ए में 240, रूट नंबर 3 में भवन विद्यालय स्कूल सेक्टर 15 में 480, गवर्नमेंट गल्र्स सीनियर सकेंडरी स्कूल सेक्टर 15 में 528, न्यू इंडिया सीनियर सकेंडेरी स्कूल सेक्टर 15 में 220, रूट नंबर 4 में चनम लाल डीएवी स्कूल सेक्टर 11 में 480, मानव मंगल स्कूल सेक्टर 11 में 480, रूट नंबर 5 में दून पब्लिक स्कूल सेक्टर 21 में 336, जीएम संस्कृति स्कूल सेक्टर 20 में 456, द गुरुकुल स्कूल सेक्टर 20 में 240, रूट नंबर 6 में गवर्नमेंट हाई स्कूल सेक्टर 17 में 240, सेंट सोल्जर डिवाइन स्कूल सेक्टर 16 में 288, ब्लू बर्ड हाई स्कूल सेक्टर 16 में 216, रूट नंबर 7 में जीएम संस्कृति स्कूल सेक्टर 26 में 456, गवर्नमेंट पालिटेक्निक सेक्टर 26 में 240, डीएवी पब्लिक स्कूल सेक्टर 25 में 240, रूट नंबर 8 में गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल सेक्टर 6 में 312, गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल सेक्टर 7 में 312, हंसराज पब्लिक स्कूल सेक्टर 6 में 504, मोती राम आर्य स्कूल सेक्टर 7 में 312, रूट नंबर 9 में जैनेंद्र पब्लिक स्कूल सेक्टर 1 में 360, सतलुज पब्लिक स्कूल सेक्टर 4 में 312, जैनेंद्र गुरुकुल सीनियर सेकेंडरी स्कूल सेक्टर 1 में 312, गवर्नमेंट पीजी कॉलेज सेक्टर 1 में 696, रूट नंबर 10 में शिशु निकेतन एमडीसी सेक्टर 5 में 240, वैली पब्लिक स्कूल एमडीसी सेक्टर 4 में 240 और रूट नंबर 11 में गवर्नमेंट गल्र्स कॉलेज सेक्टर 14 में 720 और गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल सेक्टर 19 में 312 परीक्षार्थी सीईटी परीक्षा के पहुंचेगे।
उम्मीदवारों को दिखाना होगा आई कार्ड
बस में सफर करने से पहले परीक्षार्थियों को अपना आई कार्ड दिखाना होगा, नहीं तो बस में एंट्री नहीं मिलेगी। सभी उम्मीदवारों के लिए बस सेवा बिल्कुल निशुल्क होगी। रोडवेज की तरफ से किसी भी परीक्षार्थी से किराया नहीं लिया जाएगा। महिला परीक्षार्थियों और उनके साथ एक अटैंडेंट भी मुफ्त सफर कर सकेंगे। बस सेवा सुबह 4 बजे शुरू हो जाएगी। परीक्षा की मॉर्निंग शिफ्ट के चलते 9 बजे तक परीक्षार्थियों को केंद्रों तक पहुंचना होगा।
डीसी की अध्यक्षता में बनी कमेटी
हरियाणा सरकार द्वारा सीईटी परीक्षा को सफल बनाने के लिए हर जिला के उपायुक्त की अध्यक्षता में एक विशेष कमेटी बनाई गई है जो परीक्षा से जुड़े हर प्रबंधन को देखेगी। इस कमेटी में उपायुक्त के साथ आरटीए, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग और पुलिस विभाग के अधिकारी शामिल होंगे। सुरक्षा के अलावा परीक्षा से पहले चेकिंग गेट और सुरक्षा कर्मियों का बंदोबस्त देखेंगे।