2018-2019 में एक कमेटी शुरू की थी, पैसा वापस करने के लिए मांगा 2 से 3 साल का समय
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला/रायपुररानी। गांव गढ़ी कोटाहा समेत आसपास के गांवों के 22 लोगों से कमेटी के नाम पर करीब एक करोड़ की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। मामला 2018-19 का है। गढ़ी कोटाहा निवासी आरोपी ने जब लोगों की रकम नहीं लौटाई तो ग्रामीणों ने रायपुररानी थाने में उसके खिलाफ मामला दर्ज करवाया। पुलिस का कहना है कि मामले में पीड़ितों और आरोपी के एकाउंट की जांच की जा रही है। लोगों का आरोप है कि जब आरोपी पर रुपये वापस करने का दबाव बनाया गया तो छेड़छाड़, जान से मारने समेत अन्य आरोप लगाकर फंसाने की धमकी दी गई। कमेटी डालने के नाम पर लोगों ने एक से नौ लाख रुपये पर जमा कराए थे। मामला उपायुक्त के संज्ञान में आने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया।
गांव गढी कोटाहा निवासी दीपक सैनी ने 2018-19 में एक कमेटी शुरू की थी। इसमें करीब 22 लोगों ने रकम जमा की। जब रकम वापस लेने का समय आया तो आरोपी कमेटी का रुपया लेकर भाग गया। कुछ समय बाद आरोपी वापस आया तो लोगों ने रुपया वापस करने की मांग की। उसने लोगों से दो-तीन साल का समय मांगकर रुपये लौटाने का वायदा किया। करीब पांच साल बाद भी जब रुपये नहीं लौटाए तो लोगों ने दोबारा आरोपी के घर जाकर रुपये लौटाने को कहा। लोगों का आरोप है कि जब भी ग्रामीण दीपक सैनी के घर अपने पैसे मांगने जाते, तो दीपक और उसकी पत्नी धमकाने लगते। पीड़ितों के अनुसार दोबारा रुपये मांगने पर आत्महत्या, छेड़छाड़ और अन्य झूठे मामलों में फंसाने की धमकी देने लगा। पीड़ितों के पास इस तरह की धमकी देने के वीडियो भी हैं।
ये हैं शिकायतकर्ता
अमित सैनी पुत्र शादी राम गांव गढ़ी कोटाहा, मलकित सिंह पुत्र गुरमेल सिंह गांव फिरोजपुर, संत राम पुत्र साधु राम गांव गढ़ी कोटाहा, राम सिंह पुत्र जीत राम गांव गढ़ी कोटाहा, मनु शर्मा पुत्र राम कृष्ण शर्मा गांव गढ़ी कोटाहा, मनोज कुमार पुत्र हरदयाल सिंह गांव गढ़ी कोटाहा, रोहताश पुत्र जोगिन्दर सिंह गांव गढ़ी कोटाहा, श्याम लाल पुत्र जगीरिया राम गांव गढ़ी कोटाहा, किशोरी लाल पुत्र राम प्रलाप गांव गढ़ी कोटाहा, मोहन लाल पुत्र बलबीर सिंह गांव गढ़ी कोटाहा, साबर पुत्र बशीर गांव रायपुररानी, राकेश कुमार पुत्र सरदारा राम गांव गढ़ी कोटाहा, सुरिंदर कुमार पुत्र राज कुमार गांव दन्दलावड, हरदयाल सिंह पुत्र अजमेर सिंह गांव गढ़ी कोटाहा, शमशेर अली पुत्र नवाजदीन गांव सुल्तानपुर, जसपाल सिंह पुत्र दयाल चंद गांव मसुमपुर, राम कर्ण पुत्र दयाल चंद गांव मसुमपुर, जतिंदर कुमार पुत्र सरवन कुमार गांव गढ़ी कोटाहा, मनोज कुमार पुत्र मंगत राम गांव दन्दलावड, अनिल कुमार पुत्र चंदन गांव गढ़ी कोटाहा, शिव चरण पुत्र नराता राम गांव दन्दलावड, संदीप कुमार पुत्र जीत राम गांव गढ़ी कोटाहा ने पुलिस से अनुरोध किया है कि दीपक सैनी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। उनके रुपये भी वापस दिलाया जाए।
मैंने और पिता शादी राम ने तीन-तीन लाख की तीन कमेटियां डाली थीं। इसमें से दीपक सैनी ने हमारा एक रुपया वापस नहीं किया है। जब रुपया मांगा गया तो वह गांव छोड़कर भाग गया। - अमित सैनी, गढ़ी कोटाहा
मेरी दो लाख रुपये की कमेटी थी। उसमें से 87 हजार रुपये बकाया हैं। दीपक ने पैसे वापस देने के लिए 2 से 3 साल का समय मांगा था, समय ज्यादा हो गया है, लेकिन उसने रुपये वापस नहीं दिए हैं। - मनोज कुमार, गांव दंडलवाड़
मेरी एक-एक लाख रुपये की दो कमेटी डाली गई थी। मेरे 1.60 रुपये शेष रह गए है। मेरा एफआईआर में नाम नहीं है, लेकिन शिकायत में मेरा भी नाम है। -विनोद, निवासी गढ़ी कोटाहा
एक-एक लाख की दो कमेटियां डाली थीं। मुझे दीपक से 1.20 लाख रुपये बकाया लेने हैं। - दिनेश वासी गांव दंडलवाड़
लोगों से शिकायत मिली थी। उसके आधार पर आरोपी के खिलाफ अलग-अलग धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस लोगों के अलग अलग अकाउंट से आरोपी के अकाउंट में हुए ट्रांजेक्शन की जांच कर रही है। - सुखबीर सिंह, थाना प्रभारी रायपुररानी