पंचकूला। सेक्टर-2 निवासी से ठगी के मामले में सेक्टर-20 साइबर थाना पुलिस ने ठगी के गिरोह के एक सदस्य को फतेहाबाद से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान फतेहाबाद निवासी जयकिशन के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया जहां से दो दिन का पुलिस रिमांड मिला है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि जयकिशन के बैंक खाते में चार करोड़ का संदिग्ध लेन-देन हुआ। पुलिस इसकी जांच कर रही है। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने अपना बैंक खाता गिरोह के अन्य सदस्यों को बेच दिया था जो इसी खाते के जरिये ठगी की रकम इकट्ठा करते थे। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी के बैंक खाते में ठगी की राशि आई थी जिसे आगे गिरोह के अन्य सदस्यों को भेजा गया था। गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।
क्या था मामला : पुलिस के अनुसार सेक्टर-2 निवासी ने शिकायत दी थी कि ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग में मुनाफा का लालच देकर आरोपियों ने उससे अलग-अलग खातों में कई बार पैसे ट्रांसफर करने को कहा। शिकायतकर्ता ने 8.53 लाख रुपये ट्रांसफर किए। जब उसने अपने पैसे निकालने की कोशिश की तो रकम विड्रॉ नहीं हो सकी और ठगों ने उसे और 3 लाख निवेश करने के लिए कहा। इसी पर पीडि़त को ठगी का एहसास हुआ।