सारे जहां से अच्छा, हिन्दुस्तान हमारा और वंदे मातरम जैसे भक्तिगीत की बेहतरीन प्रस्तुति देकर स्कूली बच्चों ने श्रोताओं को देशभक्ति के जज्बे से भर दिया।
मौका था यवनिका ओपन एयर थियेटर में शहीद भगत सिंह की 106 वीं जयंती के मौके शहीद भगत सिंह जागृति मंच की ओर से आयोजित कार्यक्रम का।
कार्यक्रम की शुरुआत बतौर मुख्य अतिथि मौजूद प्रदेश के कृषि मंत्री परमवीर सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित करके की। इस दौरान शहीद उधम सिंह के भांजे 97 वर्षीय खुशीनंद सिंह और शहीद बैंकुठ शुक्ल के भतीजे अमरेश शुक्ल भी उपस्थित हुए।
देश के शहीद होने वाले वीरों के परिजनों के पहुंचने से हर तरफ देशभक्ति के रंग में श्रोताओं को समूह डूबा नजर आया। इस मौके पर मौजूद हरियाणा के कृषि मंत्री परमवीर सिंह ने जागृति मंच की कोशिशों की सराहना की।
उन्होंने ने कहा कि शहीदों की जयंती एवं शहादत दिवस का आयोजन चरित्र एवं राष्ट्र निर्माण में सहायक होगा। मंच के उपाध्यक्ष विजय कुमार सिंह ने मंच संचालन किया।
इस मौके पर पंचकूला की मेयर उपिन्दर कौर अहलूवालिया ने भी अपने संबोधिन में शहीदों के बलिदान को एक बार फिर से याद किया।
इस मौके पर मौजूद बैकुंठ शुक्ल के भतीजे अमरेश शुक्ल ने कहा कि उनके चाचा ने 1933 में फनिन्द्र नाथ घोष की हत्या कर दी, जिस आरोप में उनको बिहार के गया जेल में फांसी दे दी गई थी।
घोष ही अंग्रेजों के गुप्तचर के तौर पर काम कर रहे थे और उनकी गवाही के कारण ही भगतसिंह और उनके साथियों को फांसी की सजा सुनाई गई थी। शहीदों के परिजनों को मंच की ओर से स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
बच्चों की प्रस्तुति को लोगों ने सराहा
आर्मी पब्लिक स्कूल चंडीमंदिर के विद्यार्थियों की ओर से सारे जहां से अच्छा, वंदे मातरम की प्रस्तुति दी गई, जबकि पिंजौर के सेंट विवेकानंद मिलेनियम स्कूल के बच्चों ने भी सांस्कृतिक कार्यकमों की बेहतरीन प्रस्तुति देकर खूब तारीफें बटोरी। इस दौरान बच्चों के हाथों में तिरंगा और ड्रेस देखकर एक बार फिर माहौल देशभक्ति मय हो गया।