पंचकूला। सेक्टर-19 ईएसआई डिस्पेंसरी में बिना डॉक्टरी जांच के दवाई देने के मामले की जांच के लिए हरियाणा ईएसआई के डायरेक्टर ने जांच के निर्देश दिए हैं। इस मामले की जांच भिवानी सिविल सर्जन डॉ. राहुल दीवान द्वारा की जा रही है। उन्होंने बताया की मामले की जांच की जा रही है। इसमें जो भी दोषी पाया जाएगा, उस पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। इसमें जल्द ही ईएसआई में बैठने वाले डॉक्टर, फार्मासिस्ट सहित सभी के बयान दर्ज किए जाएंगे। अमर उजाला की तरफ से ग्राउंड रिपोर्ट में सामने आया था कि ईएसआई डिस्पेंसरी में डॉक्टर मौजूद नहीं थे।
डिस्पेंसरी में मौजूद स्वास्थ्य कर्मचारी मर्ज पूछकर दवा थमा देते हैं। इस पर मरीजों ने खुद आपबीती बताई। अमर उजाला की इस खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया गया था। इस बारे में जांच अधिकारी भिवानी सिविल सर्जन डॉ. राहुल दीवान ने बताया कि मामले की जांच जल्द ही ईएसआई के डायरेक्टर को भेज दी जाएगी। उन्होंने कहा कि अगर इस तरह से मरीजों का इलाज लापरवाही से किया गया है तो यह बहुत ही संवेदनशील मामला है। पर्ची में एंट्री के बाद डॉक्टर का देखना जरूरी है। टीम सभी पहलुओं और मरीजों के बयान भी दर्ज करेगी।