पंचकूला। जिले में बुधवार को डेंगू के 34 नए मामले सामने आए हैं। अब तक डेंगू के 920 मामले सामने आ चुके हैं। डेंगू की जांच करते हुए विभाग की ओर से 170 सैंपल लिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार कालका और पिंजौर के घरों में वायलेशन मिलने के बाद 16 लोगों को नोटिस दिया गया है। बुखार के 84 मरीज एडमिट हुए हैं।
उन्होंने बताया कि लोगों के घरों और कंटेनरों में जल जमाव के कारण अधिक लारवा मिल रहे हैं। इस कारण इस तरह के हालात बने हैं। हमारी लोगों से अपील है कि लोग अपने घरों में पानी नहीं जमा होने दें। सुबह और शाम पूरी बाजू के कपड़े पहनें। उन्होंने बताया कि डेंगू से बचाव के लिए बताए नियमों को लोग पालन करें, जिससे कि उन्हें किसी प्रकार की दिक्क्त नहीं हो। सीएमओ डॉ. मुक्ता कुमार ने बताया कि डेंगू के बढ़ते मामलों को देखकर अब तक 4658 लोगों को नोटिस दिया गया है। उन्होंने कहा कि सभी स्कूलों में बच्चों को मच्छरों से बचाने के लिए जागरूकता अभियान चलाया गया।
तीन दिन इलाज के बाद हुई मौत
पंचकूला की सीएमओ ने बताया कि डेंगू से बुधवार को एक मौत हो गई। मृतक की पहचान सूरजपुर गांव के रहने वाले सुनील (35) रूप में हुई है। पंचकूला जिले में अब तक डेंगू से पांच मौत हो चुकी हैं। उन्होंने बताया कि डेंगू के कारण सुनील के प्लेटलेट्स घट गए और हालात खराब होने के बाद उसने दम तोड़ दिया।