25 जुलाई को सुबह 9 से 11 बजे तक दो घंटे की हड़ताल भी की जाएगी
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। हरियाणा नर्सिंग वेलफेयर एसोसिएशन के सदस्य अपनी लंबित मांगों को लेकर 23 और 24 जुलाई को रोष प्रदर्शन करते हुए हुए काम करेंगे। एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ ऑनलाइन मीटिंग में यह फैसला लिया गया है।
एसोसिएशन की राज्य प्रधान विनीता बांगड़ ने बताया कि हरियाणा सरकार के पास नर्सिंग ऑफिसर की मांगें काफी लंबे समय से लंबित हैं। हमारी मांग है कि केंद्र के समान नर्सिंग अलाउंस 7200 रुपये दिए जाएं। नर्सिंग कैडर को केंद्र के सामान ग्रुप सी से ग्रप बी में शामिल किया जाए, नर्सिंग कैडर के डीजीएचएस कार्यालय में डिप्टी डायरेक्टर नर्सिंग की पोस्ट को अति शीघ्र भरा जाए। मांगों के नहीं माने जाने के विरोध में 23 और 24 जुलाई को काले बिल्ले लगाकर रोष प्रदर्शन किया जाएगा।
इसके बाद 25 जुलाई को सुबह 9 से 11 बजे तक दो घंटे की हड़ताल की जाएगी। उस दिन शाम को स्टेट कार्यकारिणी की बैठक की जाएगी, जिसमें सीएम आवास का घेराव और पूरे हरियाणा में पूर्ण हड़ताल का निर्णय लिया जाएगा।
इस बैठक में संस्थापक सदस्य सुशीला कौशिक, वाइस प्रेसिडेंट मंजू कोचर, सुमन पोरिया, सुदेश मलिक, विकास यादव, राज्य महासचिव योगेश शर्मा, संयुक्त सचिव संतोष शर्मा, निशा जंग, रूबी मोर, राज्य कोषाध्यक्ष सुमन कुंडू आदि उपस्थित रहे।