संवाद न्यूज एजेंसी पिंजौर। बिटना रोड पर स्थित नर्सरी मालिक के साथ मारपीट कर उसके गमले तोड़ने के आरोप में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता अलाउद्दीन ने बताया कि उसकी गुगा माढ़ी गांव बिटना में खान नर्सरी है। शुक्रवार की देर रात जब वह अपने भाई के साथ झोपड़ीनुमा कमरे में था, तो उस दौरान आरोपी बबलू नर्सरी के बाहर पहुंच कर हार्न बजाने लगा। जैसे ही वह बाहर आया तो बबलू ने उसके साथ गालीगलौज की। उसने कहा कि वह अपने घर चला जाए। आरोपी उस समय तो चला गया, परंतु कुछ ही देर में वह अपने लड़के बाबी के साथ हॉकी लेकर उनके कमरे के अंदर घुस गया। आरोपियों ने उसके और उसके भाई के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर उनके गमले भी तोड़ दिए। मारपीट करने के बाद जब बबलू जाने लगा तो नशे में होने के कारण वह गमलों में उलझकर गिर गया और उसके सिर पर चोटें आईं।