पंचकूला सिविल अस्पताल में संदिग्ध हालात में नर्स की मौत
आईसीयू ड्यूटी के बाद तड़पती मिली, संदिग्ध पदार्थ सेवन की आशंका
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। सेक्टर-6 सिविल अस्पताल में रविवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में एक नर्स की मौत हो गई। घटना के बाद अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। सेक्टर-31 की रहने वाली प्रीति की ड्यूटी आईसीयू में दोपहर 2 बजे से रात 8 बजे तक थी। ड्यूटी समाप्त होने के बाद वह टॉयलेट के बाहर तड़पती हुई मिली। वहां मौजूद स्वास्थ्य कर्मियों ने तुरंत उसे उठाकर इमरजेंसी वार्ड में पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की टीम ने सीपीआर देने के साथ आवश्यक दवाएं भी दीं लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि प्रीति के मुंह से खून निकल रहा था जिससे किसी संदिग्ध पदार्थ के सेवन की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया है और नर्सिंग ऑफिसर के मोबाइल फोन की भी जांच की जा रही है ताकि घटना के कारणों का पता लगाया जा सके। सूत्रों के अनुसार, नर्स ने तबीयत बिगड़ने से पहले अपने परिजनों को भी जानकारी दी थी। घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। सेक्टर-6 सिविल अस्पताल के पीएमओ डॉ. आरएस चौहान ने बताया कि मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है और पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।