पंचकूला। शहर की तस्वीर बदलने के लिए नगर निगम लगातार प्रयास कर रहा है। इसी के अंतर्गत वीरवार को करीब 48.25 लाख रुपये के विकास कार्यों का हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने उद्घाटन किया। इसका आने वाले समय में क्षेत्रवासियों को लाभ मिलेगा।
उद्घाटन समारोह का आयोजन सेक्टर-2 स्थित शहीद मेयर संदीप शांकला मैमोरियल चौक पर हुआ। जिन विकास कार्यों का शिलान्यास किया है, उनमें सेक्टर-2 वार्ड नंबर में 3.40 लाख रुपये से अधिक राशि से क्षतिग्रस्त सर्कुलर ब्रिक ड्रेन की मरम्मत, सेक्टर-2 वार्ड नंबर 16 में 6.71 लाख रुपये से अधिक राशि से पार्क की मरम्मत, सेक्टर-2 वार्ड नंबर 12 में संदीप शांकला चौक के बाहरी मार्ग पर 8.60 लाख रुपये से अधिक राशि से इंटरलॉकिंग पेवर टाइल्स व मौजूदा ग्रील्स पर पेंटिंग का कार्य शामिल हैं।
इसी प्रकार सेक्टर-2 वार्ड नंबर 11 में 7.94 लाख रुपये से अधिक राशि से पार्क की मरम्मत, सेक्टर-2 और माजरी वार्ड नंबर 12 में 8.22 लाख रुपये से अधिक राशि से गली की साफ सफाई, मरम्मत व निर्माण कार्य, सेक्टर-2 गांव माजरी और खड़ग मंगोली वार्ड नंबर 12 में 13.37 लाख रुपये से अधिक राशि से विभिन्न मरम्मत कार्य शामिल हैं।
विकास कार्य पूरा होने से लोगों को होगा लाभ
विधानसभा ज्ञानचंद गुप्ता ने कहा कि जिन विकास कार्यों का शिलान्यास किया है। इसका सीधा लाभ सेक्टर-2 व आसपास के निवासियों को होगा। उनका हमेशा से ही प्रयास रहा है कि शहरवासियों को सभी मूलभूत सुविधाएं मिलें। एक दिन पहले ही एमडीसी सेक्टर-1 से राजीव व इंदिरा कॉलोनी तक नाला परिसर के सौंदर्यीकरण का शिलान्यास व पौधरोपण कार्य की शुरुआत की है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे विकास कार्यों को जल्द पूरा करवाएं। इस अवसर पर मेयर कुलभूषण गोयल, जिला भाजपा अध्यक्ष अजय शर्मा, जिला महामंत्री वीरेंद्र राणा, जिला उपाध्यक्ष उमेश सूद, जिला महासचिव परमजीत कौर, पार्षद जय कौशिक, पार्षद सोनिया सूद, पार्षद नरेंद्र लुबाना, बरवाला के मंडलाध्यक्ष गौतम राणा, पार्षद सुनित सिंगला, नगर निगम कार्यकारी अभियंता संजीव गोयल मौजूद थे।
समारोह में अनुपस्थित रहे निगम आयुक्त
विकास कार्यों के उद्घाटन को लेकर आयोजित हुए समारोह में निगम आयुक्त के अनुपस्थित रहने की चर्चा आम रही। लोगों का कहना था कि ये प्रोटोकॉल का उल्लंघन है। वह भले ही पंचकूला के उपायुक्त हैं, लेकिन इसके साथ उनके पास निगम के आयुक्त की भी जिम्मेदारी है। ऐसे में उनकी उपस्थिति अनिवार्य है। सूत्रों ने बताया कि निगम आयुक्त की अनुपस्थिति को लेकर हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने भी नाराजगी व्यक्त की। लेकिन, जब इस मामले को लेकर उनसे बात की गई तो उन्होंने कहा कि ऐसा कुछ नहीं है। वहीं, सेक्टर-14 में जब मेयर कुलभूषण गोयल उद्घाटन करने पहुंचे तो स्वागत में खड़े निगम के डीएमसी दीपक सूरा से निगम आयुक्त की अनुपस्थिति के बार में पूछा। डीएमसी से कहा कि शहर में विकास कार्यों का उद्घाटन है और निगम आयुक्त ही उपस्थित नहीं हैं। हालांकि, डीएमसी ने बताया कि वह किसी जरूरी बैठक में हैं, जिसके चलते समारोह में शामिल नहीं हो पाए। इसके बाद मेयर के कदम उद्घाटन करने के लिए आगे बढ़े। इस मामले को लेकर उपायुक्त और निगम आयुक्त विनय प्रताप सिंह ने भी बात करने के लिए दो बार फोन मिलाया गया, लेकिन फोन नहीं उठा।