अगर आप पंजाब में अपने सपनों का आशियाना बनाना चाहते है तो जल्दी ही आपका सपना हकीकत में बदल जाएगा। जालंधर और अमृतसर विकास अथॉरिटी ने राज्य के छह शहरों में प्रॉपर्टी की ई नीलामी करने का फैसला लिया है। इसमें रिहायशी, कॉमर्शियल व एजुकेशनल साइट शामिल हैं। नीलामी प्र्रक्रिया 20 से 31 अक्तूबर तक चलेगी। स्कीम में लोग ऑनलाइन बोली लगाएंगे।
कोरोना के कमजोर पड़ने के बाद त्योहारों के मौसम को ध्यान में रखकर जालंधर और अमृतसर विकास अथॉरिटी ने प्रॉपर्टी की ई नीलामी का फैसला लिया है। इसके लिए विभाग ने पड़ोसी राज्य के प्रॉपर्टी बाजार की स्टडी की है। इसके बाद अमृतसर, गुरदासपुर, बटाला, जालंधर, फगवाड़ा, कपूरथला व सुल्तानपुर लोधी में प्रॉपर्टी की ई नीलामी का फैसला लिया गया है। अमृतसर विकास अथॉरिटी की तरफ 13 एससीओ, 99 रिहायशी प्लॉट, गुरदासपुर में 3.58 करोड़ की लागत वाली एक स्कूल साइट व बटाला में 3.52 करोड़ रुपये की कीमत वाली एक अन्य साइट नीलाम की जाएगी।
गुरदासपुर में 6.10 करोड़ रुपये की एक मल्टीपर्पस साइट भी नीलामी में रखी गई। जालंधर विकास अथॉरिटी की तरफ 105 व्यापारिक साइटों की ई-नीलामी की जाएगी। इनमें एससीओ, एससीएफ, बूथ एवं दुकानें शामिल हैं। 41 रिहायशी प्लॉट भी नीलामी में रखे गए हैं। सुल्तानपुर लोधी में 2.20 करोड़ की रिजर्व कीमत वाली स्कूल साइट व जालंधर में 6.36 करोड़, 11.73 करोड़ रुपये व 26.89 करोड़ रुपये की कीमत वाली चंक साइटों को नीलामी में रखा गया है। यह नीलामी 17 अक्तूबर तक चल रही है।
90 दिन में मिलेगा प्रॉपर्टी का कब्जा
नीलामी में हिस्सा लेने के इच्छुक लोगों को www.puda.e-auctions.in पर जाना होगा। इस पर संपत्ति की रिजर्व प्राइस, नीलामी संबंधी शर्तें व अन्य जानकारियां उपलब्ध रहेंगी। जो लोग प्रॉपर्टी खरीदने में कामयाब होंगे, उन्होंने प्रॉपर्टी का कब्जा 90 दिन के भीतर दिया जाएगा। साइटों का कब्जा जल्द देने के पीछे कोशिश यही है कि अलॉटी जल्दी ही वहां पर निर्माण कर पाएंगे। नीलामी में हिस्सा लेने के इच्छुक लोगों को ई नीलामी पोर्टल पर साइनअप करके उपभोक्ता आईडी व पासवर्ड भरना होगा। फिर नेट बैंकिंग, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, आरटीजीएस, एनईटीएफटी के माध्यम से रिफंडएबल अडस्टेबल योग्यता फीस जमा करवानी होगी।