चंडीगढ़। राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस पर आयोजित समारोहों में अब सिफारिशी और विवादित अधिकारी व कर्मचारियों को सम्मानित नहीं किया जा सकेगा। कार्यक्रमों में मापदंड पूरे करने वालों को ही सम्मान मिलेगा। इसके लिए राज्य स्तर पर गठित कमेटी मापदंड तय करेगी। स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए 5 अगस्त तक और गणतंत्र दिवस समारोह के लिए 15 जनवरी तक विभागों से अधिकारियों व कर्मचारियों की सूची मुख्य सचिव कार्यालय भेजनी होगी। इसके बाद किसी का नाम शामिल नहीं किया जाएगा।
मुख्य सचिव संजीव कौशल ने स्वतंत्रता दिवस व गणतंत्र दिवस के मौके पर सम्मानित किए जाने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों के लिए मापदंड निर्धारित करने के उद्देश्य से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जिला उपायुक्तों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशों की अनुपालना में सम्मानित किए जाने वाले अधिकारी, कर्मचारियों के लिए राज्य स्तर पर गठित कमेटी द्वारा मापदंड निर्धारित किए जाएंगे। उन्होंने निर्देश दिए कि स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस समारोहों में 20 ऐसे अधिकारियों व कर्मचारियों को सम्मानित करें, जिनकी हर क्षेत्र में बेहतरीन सेवाएं हों। पूरी जांच पड़ताल के बाद ही अधिकारी व कर्मचारी को सम्मानित किया जाए और इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए कि कोई भी विवादित व्यक्ति का नाम सम्मानित सूची में न हो। राष्ट्रीय समारोह के मौके पर सम्मानित किए जाने वाले लोगों की सूची पूरी पारदर्शिता के साथ तैयार की जाए। ऐसे अधिकारी, कर्मचारियों को भी सम्मानित किया जाए, जिन्होंने कार्यालय में उपस्थिति सर्वाधिक हो।