रामगढ़। गांव खेतपुराली से राष्ट्रीय राजमार्ग नंबर 7 पर स्थित गांव नग्गल को जोड़ने वाली मुख्य सड़क को औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने के लिए अधिकृत की गई जमीन के साथ अधिकृत कर लोगों के लिए परेशानी खड़ी कर दी है। इससे लोगों में भारी रोष है और उन्हें अब अपने गंतव्य स्थान तक पहुंचने के लिए कई किलोमीटर लंबा सफर तय करना पड़ रहा है। इस सड़क को न तो टोका गांव की ओर से और न ही अलीपुर गांव की ओर से निगम द्वारा बनाई गई सड़क में कहीं जोड़ा गया है। गांव टोका की ओर से अलीपुर जाने के लिए एक बरसाती नाले से पहले ही सड़क को बंद कर दिया गया है। जबकि उस नाले पर पुल लगाकर लोगों को सुविधा दी जा सकती है। औद्योगिक विकास निगम ने अपने सुविधा पहले रखी है और लोगों की समस्याओं को दरकिनार कर दिया गया है। लोगों का कहना है कि इस बरसाती नाले पर पुल बना कर निगम द्वारा बनाई गई सड़क से जोड़ा जाए। भारी बारिश के चलते गत दिनों गांव खटोली जाने वाले मार्ग पर पुल टूट जाने से लोगों को आने जाने में भारी दिक्कत आई है।
किसानों का समय बर्बाद होता है
इस सड़क पर किसानों के खेत हैं और उन्हें अपने कार्यों के लिए आना-जाना पड़ता है। पुरानी सड़क को बंद कर देने से उन्हें कई किलोमीटर लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। इससे किसानों का काफी समय बर्बाद होता है। -विनोद राणा, खटोली।
सड़क सुविधा देना सरकार का कर्तव्य
विकास कार्यों के साथ-साथ किसी को कोई परेशानी झेलनी न पड़े, ऐसा कार्य सरकार द्वारा किया जाना चाहिए। सड़क सुविधा देना सरकार का कर्तव्य है। सड़क बंद करना मतलब लोगों को परेशान करना है। -राजिंद्र, टोका
सड़क की मरम्मत की जाए
गांव नग्गल से टोका व खटोली गांव की ओर आने-जाने के लिए उन्हें कई किलोमीटर लंबी दूरी तय करनी पड़ती हैं। इससे उनका काफी समय बर्बाद हो जाता है। टोका गांव की ओर से आने वाली सड़क पर बरसाती नाले पर पुल बनाया जाए और सड़क की मरम्मत की जाए। -गुरमेल गुज्जर, टोका ।
समस्या से निजात दिलाया जाए
बरसाती नाले पर पुल लगाकर लोगों को आने वाली समस्या से निजात देनी चाहिए। इस सड़क की हालात बहुत खस्ता बनी हुई है उसे ठीक किया जाए। यहां पुल बन जाने से अन्य सड़कों पर भी वाहनों का दबाव कम हो जाएगा।- कदम सिंह, श्यामटू