तहसील और जिला स्तर पर आने वाले लोगों की सुविधा के लिए सरकार ने फैसला लिया
नियमों के विपरीत काम करने वाले अधिकारी और कर्मचारियों को नहीं करेंगे बर्दाश्तः जिम्पा
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। जिला और तहसील स्तर राजस्व से जुड़े काम करवाने आने वाले लोगों की सुविधा व भ्रष्टाचार पर नकेल कसने के लिए सरकार ने नई रणनीति बनाई है। अब वहां आने वाले लोगों की दिक्कतों की तुरंत सुनवाई के लिए हेल्पलाइन नंबर संबंधी फ्लेक्स बोर्ड लगाए जाएंगे। साथ ही लोगों को इस बारे में जागरूक किया जाएगा।
यह फैसला पंजाब के राजस्व मंत्री ब्रह्म शंकर जिम्पा की प्रधानगी में शुक्रवार को हुई अधिकारियों की बैठक में लिया गया। सरकार की कोशिश लोगों को पारदर्शी और साफ-सुथरा प्रशासन मुहैया करवाना है। ऐसा न करने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मचारी के साथ किसी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी।
बैठक में फैसला लिया है कि हेल्पलाइन नंबर को प्रमुखता से तहसीलों और जिला स्तर के ऑफिसों में प्रदर्शित किया जाए। नंबर संबंधी फ्लेक्स बोर्ड उस जगह पर लगाए जाएं जहां से आसानी से लोगों की नजर में पड़ें। यह काम औपचारिकता मात्र नहीं होना चाहिए। देखने में आता है कि ऐसे नंबर इस तरह प्रदर्शित किए जाते हैं जहां लोगों की नजर में न आएं।
राज्य में सत्ता संभालने के बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भ्रष्टाचार करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों की शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किया था जिसके सार्थक नतीजे सामने आ रहे हैं। अप्रैल महीने में सिर्फ राजस्व विभाग के कामों संबंधी शिकायत दर्ज करवाने के लिए 8184900002 नंबर जारी किया गया। एनआरआई राजस्व विभाग संबंधी अपनी शिकायतें 9464100168 नंबर पर दर्ज करवा सकते हैं। यह नंबर सिर्फ लिखित शिकायत के लिए हैं।
1194 शिकायतें आईं, 21 दिन में होगा सबका निपटारा
विभाग के मुताबिक 15 जून तक हेल्पलाइन नंबर पर 1194 शिकायतें दर्ज हुई हैं। इनमें से 464 शिकायतों का निपटारा कर दिया गया है। 533 शिकायतों को रहते समय में हल कर लिया जाएगा। हेल्पलाइन नंबर पर ज्यादा शिकायतें इंतकाल संबंधी, सरकारी जमीनों के कब्जे संबंधी और निशानदेही संबंधी आईं हैं। जिम्पा ने अधिकारियों को कहा है कि सभी शिकायतों का निपटारा 21 दिन के अंदर करना यकीनी बनाया जाए और शिकायतों के निपटारे में और तेजी लाई जाए।