माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। शिक्षा विभाग शहर के पांच स्कूलों में किचन गार्डन विकसित करेगा। इसके लिए विभाग की तरफ से तैयारियां की जा रही हैं। किचन गार्डन में पालक, टमाटर, गाजर, आलू सहित अन्य हरी सब्जियां उगाई जाएंगी। आर्गेनिक सब्जियां का इस्तेमाल बच्चों के स्वास्थ्य को बेहतर रखने में किया जाएगा। यह गार्डन जल्द ही शहर के संस्कृति स्कूलों सहित अन्य जगहों पर बनाए जाएंगे।
इस योजना में शिक्षा विभाग की तरफ से पीएमश्री गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल सेक्टर-15, शहीद मेजर अनुज राजपूत राजकीय आदर्श संस्कृति स्कूल सेक्टर-20, राजकीय समकेतिक सार्थक संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल सेक्टर-12ए, राजकीय आदर्श संस्कृति स्कूल सेक्टर-26 और राजकीय आदर्श संस्कृति स्कूल रायपुररानी को रखा गया है। इन स्कूलों मेंं किचन गार्डन विकसित करने का काम पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर रखा गया है। सब्जियां लगाने के साथ ही उनकी देखभाल के लिए बच्चों का एक पीरियड भी लगाया जाएगा। शिक्षक बच्चों को सब्जियों की देखरेख करने की जानकारी भी देंगे। गार्डन की सब्जियों को मिड डे मील में तैयार होने वाले भोजन में पकाया जाएगा। शिक्षा विभाग की तरफ से पहली से आठवीं के विद्यार्थियों को मिड डे मील के तहत भोजन दिया जाता है। इसमें अब विद्यार्थियों का कृषि की तरफ रुझान बनाने के साथ अच्छे स्वास्थ्य के लिए सब्जियों को उगाने का काम किया जाएगा।
शिक्षा विभाग की ओर से स्कूलों में किचन गॉर्डन विकसित करने का काम किया जाएगा। विद्यार्थियों के स्वास्थ्य को अच्छा करने को लेकर फैसला लिया गया है। - सतपाल कौशिक, जिला शिक्षा अधिकारी, पंचकूला शिक्षा विभाग