चंडीगढ़। पंजाब में अवैध खनन को लेकर अब तक 306 मामले दर्ज किए जा चुके हैं। सबसे ज्यादा होशियारपुर में 52 मुकदमे दर्ज किए गए हैं। खनन मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने कहा कि अवैध खनन करने वालों के खिलाफ सरकार कोई नरमी नहीं बरत रही है।
पंजाब के खनन और भूविज्ञान संबंधी कैबिनेट मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली सरकार 19 मार्च को पद संभालने से लेकर 7 अगस्त तक अवैध खनन करने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाए हुए है। गैर कानूनी खनन को लेकर सरकार का स्टैंड स्पष्ट है और इस गतिविधि में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा चाहे वह हमारी ही पार्टी का कोई नेता या वर्कर हो। अगर कोई मेरा पारिवारिक सदस्य या रिश्तेदार भी इस काम में शामिल हुआ तो उसके खिलाफ वह स्वयं कार्रवाई होने को यकीनी बनाएंगे।
बैंस ने कहा कि पिछले दिनों उनके हलके के अधीन आते गांव काहीवाल में अवैध खनन संबंधी कुछ शिकायतें प्राप्त हुई थीं। इस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस और संबंधित विभाग को मौके पर पड़ताल करने के लिए भेजा और पड़ताल के बाद जो भी दोषी पाया गया उसके खिलाफ तुरंत कानूनी कार्रवाई करते हुए थाना आनंदपुर साहिब में मुकदमे दर्ज किए गए। उन्होंने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि यदि कहीं भी कोई नाजायज माइनिंग संबंधी शिकायत प्राप्त हो तो इस पर तुरंत कार्रवाई की जाए।
भ्रष्ट अफसरों पर भी कार्रवाई
खनन मंत्री ने कहा माइनिंग विभाग के भी कुछ भ्रष्ट अफसर इस गैर कानूनी काम को रोकने के लिए ईमानदारी से अपनी ड्यूटी नहीं निभा रहे थे जिन पर कार्रवाई की गई और रूपनगर और पठानकोट के माइनिंग अफसरों को सस्पेंड किया गया था।