लेबर रूम से लेकर वार्ड और ओपीडी तक पानी का संकट, शौचालयों में बदबू लिफ्ट बीच रास्ते बंद
छत से टपका रहा कभी कभार एसी चलने पर धत से टपक रहा पानी, सफाई व्यवस्था भी चरमराई
रविवार शाम से पानी आपूर्ति ठप, लेबर रूम में ऑपरेशन तक प्रभावित होने का खतरा
करमचंद
पंचकूला। सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल की नई मदर एंड चाइल्ड केयर (एमसीएच) बिल्डिंग का औपचारिक उद्घाटन अभी तक नहीं हुआ है लेकिन लेबर रूम, महिला वार्ड, बच्चों का वार्ड और महिला व बच्चों की ओपीडी बिना सुचारू व्यवस्था के शुरू की जा चुकी हैं। रविवार शाम से सिविल अस्पताल की इस इमारत में पानी की आपूर्ति ठप होने के कारण मरीजों, गर्भवती महिलाओं और उनके परिजनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सबसे गंभीर स्थिति लेबर रूम की है। यहां सामान्य प्रसव तो किसी तरह हो रहे हैं लेकिन यदि किसी गर्भवती का सिजेरियन ऑपरेशन करना पड़े तो पानी की अनुपलब्धता के कारण उसे दूसरे अस्पताल, विशेषकर पीजीआई, रेफर करने की नौबत आ रही है। पानी के अभाव में ऑपरेशन थिएटर की साफ-सफाई और संक्रमण नियंत्रण जैसी आवश्यक व्यवस्थाएं प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है।
बिल्डिंग के शौचालयों में भी पानी नहीं होने से बदबू फैल रही है। मरीजों और उनके परिजनों को शौचालय इस्तेमाल करने में भारी दिक्कत हो रही है। पीने के पानी के लिए लगाए गए वाटर कूलरों में भी पर्याप्त पानी उपलब्ध नहीं है, जिससे भीषण गर्मी में लोग परेशान हैं।
नई बिल्डिंग में साफ-सफाई की स्थिति भी संतोषजनक नहीं है। कई स्थानों पर कूड़ा बिखरा पड़ा मिला। दूसरी ओर कभी कभार चलने वाले एसी से छत से पानी टपकने की शिकायतें सामने आई हैं। वहीं, लिफ्ट भी बार-बार बीच रास्ते में बंद हो जाती है, जिससे मरीज और तीमारदार उसमें फंस रहे हैं। नई बिल्डिंग में लगातार सामने आ रही तकनीकी और व्यवस्थागत खामियों ने निर्माण गुणवत्ता और रखरखाव पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
मरीजों ने सुनाई परेशानी
सकेतड़ी निवासी सरोजिनी, बरवाला निवासी रीना और साढौरा निवासी बोती ने बताया कि रविवार शाम से बिल्डिंग में पानी नहीं आ रहा है। इसके कारण गर्भवती महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है।
शौचालयों में पानी नहीं, बदबू का आलम
बच्चों के वार्ड में भर्ती मरीजों के परिजन पिंजौर निवासी वसीम और जीरकपुर निवासी उमाकांत ने बताया कि शौचालयों में पानी नहीं होने से बदबू का आलम बना हुआ है। पीने के पानी की भी पर्याप्त व्यवस्था नहीं है, जिससे मरीजों और तीमारदारों को परेशान होना पड़ रहा है।
हजारों मरीजों की उम्मीदों पर पानी
सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल पंचकूला और आसपास के क्षेत्रों के हजारों मरीजों के इलाज का प्रमुख सरकारी केंद्र है। नई मदर एंड चाइल्ड केयर बिल्डिंग से लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की उम्मीद थी, लेकिन शुरुआत में ही पानी, सफाई, लिफ्ट और भवन संबंधी खामियों ने व्यवस्थाओं की तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मरीजों और परिजनों ने मांग की है कि अस्पताल प्रशासन तत्काल पानी और अन्य मूलभूत सुविधाएं बहाल करे ताकि जच्चा-बच्चा की स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित न हों।
कोट
पानी न होने के कारण एसी नहीं चल पा रहे हैं। पुरानी बिल्डिंग के लिए सफाई व अन्य कर्मचारी अभी नियुक्त नहीं हुए हैं। पुराने कर्मचारियों से ही काम चलाया जा रहा है। लिफ्ट रुकने के बारे में मेंटिनेंस वालों से बात करूंगा कि क्या समस्या आ रही है। रही बात पानी की समस्या की तो एचएसवीपी को इससे संबंधित पत्र भेजा जा चुका है। मेल भी की है। बुधवार को व्यक्तिगत रूप से एचएसवीपी के कार्यालय में जाकर पानी की सुचारु सप्लाई के बारे में बात करूगा। - आरएस चाैहान, पीएमओ, सिविल अस्पताल