पंचकूला। वीरवार रात ताऊ देवी लाल स्टेडियम में क्रिकेट के रोमांच पर पंजाबी संगीत का रंग चढ़ गया। नमो क्रिकेट लीग के मुकाबलों के बीच मशहूर पंजाबी गायक मनकीरत औलख मंच पर पहुंचे तो खचाखच भरे स्टेडियम में उत्साह चरम पर पहुंच गया। औलख के मंच पर आते ही जोरदार हूटिंग और तालियों से उनका स्वागत हुआ। इसके बाद गीतों की शुरुआत हुई तो हजारों दर्शक सीटों से उठकर झूमने लगे।
औलख ने अपने लोकप्रिय गीतों के साथ आने वाले नए गीतों की झलक भी सुनाई। उन्होंने ‘तेरी चलदी रहनी आ’, ‘सरकार कोई भी होवे’, ‘शिखर दोपहरा आ’, ‘किदी लगी लॉटरी जी’, ‘दारू पीनी बंद करती’ और ‘अकेली ना बाजार जाया करो, नजर लग जाएगी’ समेत कई गीत पेश किए। दर्शकों ने मोबाइल की फ्लैशलाइट जलाकर उनका स्वागत किया और हर प्रस्तुति पर तालियों की गूंज सुनाई दी।
पंचकूला वासी बड़े शरीफ हैं
कार्यक्रम के दौरान मनकीरत औलख ने पंचकूला की जमकर तारीफ की। उन्होंने शहर के लोगों के व्यवहार और माहौल की सराहना करते हुए कहा कि पंचकूला वासी बड़े शरीफ और प्यार देने वाले लोग हैं। उन्होंने शहर की खूबसूरती और व्यवस्थित माहौल की भी तारीफ की और कहा कि पंचकूला कई मायनों में चंडीगढ़ से भी आगे है। इस पर दर्शकों ने तालियों और हूटिंग से उनका स्वागत किया।
क्रिकेट देखने पहुंचे परिवारों और युवाओं के लिए यह शाम यादगार बन गई। मैदान में चौकों-छक्कों का रोमांच और मंच पर पंजाबी गीतों की धुन ने पूरी रात को उत्सव में बदल दिया। देर रात तक स्टेडियम में संगीत की गूंज और दर्शकों का उत्साह बना रहा।