चंडीगढ़। कोटकपूरा पुलिस फायरिंग मामले में नई एसआईटी ने जांच तेज कर दी है। मंगलवार को पंजाब पुलिस के निलंबित आईजी परमराज सिंह उमरानंगल सहित कई अन्य व्यक्तियों से 8 घंटे पूछताछ की। चंडीगढ़ में सेक्टर-32 स्थित पंजाब पुलिस आफिसर्स इंस्टीट्यूट में पूछताछ का सिलसिला सुबह 11 से शाम 7 बजे तक चला। एसआईटी ने परमराज उमरानंगल के अलावा आईएएस अधिकारी वीके मीणा, शिरोमणि अकाली दल के पूर्व विधायक मनतार सिंह बराड़, तत्कालीन एसएसपी चरणजीत शर्मा, गुरचरण सिंह और एक इंस्पेक्टर स्तर के पुलिस अधिकारी से पूछताछ की। इससे पहले 31 मई को पंजाब के तत्कालीन डीजीपी सुमेध सैनी से पूछताछ की जा चुकी है। सैनी को फिर से पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा। वहीं, बीते सप्ताह एसआईटी ने आईपीएस अधिकारी रणबीर खटड़ा और तत्कालीन एसएसपी चरणजीत शर्मा को बुलाकर पूछताछ की थी।
मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने नई एसआईटी के गठन के साथ ही इस टीम को जल्द जांच पूरी कर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हुए हैं।