पिछले कई दिनों से पहाड़ों और मैदानी इलाकों में बारिश के कारण नदी-नालों में बढ़ा पानी
संवाद न्यूज एजेंसी
बरवाला। पिछले कई दिनों से पहाड़ों और मैदानी इलाकों में बारिश हो रही है। इस कारण नदी-नालों में बरसात का पानी तेज बहाव के साथ चल रहा है। जिला प्रशासन की ओर से नदी-नालों में लोगों के उतरने या नहाने पर पूरी तरह से पाबंदी लगाई गई है।
इसके बावजूद बरवाला क्षेत्र के साथ लगती टांगरी नदी और रिहौड़ गांव के नजदीक से गुजरने वाली नदी में बहुत से युवक और बच्चे पानी में उतरते दिखाई दे रहे हैं। लोगों की लापरवाही किसी हादसे का कारण बन सकती है।
वीरवार को अमर उजाला की टीम ने बरवाला क्षेत्र के साथ लगते नदी-नालों पर जाकर जिला प्रशासन की हिदायतों का धरातल पर सच की जांच की। बरवाला से मौली मार्ग पर स्थित नदी पुल के नजदीक एक प्रवासी महिला मछली पकड़ने के लिए नदी के बीच में पहुंच गई। वहीं बरवाला से रिहौड़ सड़क पर स्थित नदी पुल के नीचे भी पानी में कुछ प्रवासी बच्चे मछली पकड़ते दिखे।
यह स्थिति तब है जबकि जिला प्रशासन की ओर से बरसात के इस मौसम में नदी नालों के नजदीक जाने पर रोकथाम को लेकर साइन बोर्ड भी लगाए गए हैं। उन साइन बोर्डों पर जुर्माने का प्रावधान भी दर्ज है। स्थानीय प्रशासन व पुलिस प्रशासन को इस समस्या का समय रहते संज्ञान लेने की जरूरत है।