पंचकूला। एसएस जैन सभा सेक्टर-17 पंचकूला के नेतृत्व में तथा नवकार आशीष सेवा ट्रस्ट के संयुक्त प्रयासों से रविवार को जैनेंद्र गुरुकुल के आत्म ऑडिटोरियम में नवकार सम्मेलन का भव्य आयोजन हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पुनीत जैन, स्वागत अध्यक्ष बृजमोहन जैन और अध्यक्ष सुरेश जैन रहे।
सम्मेलन में पूरे वर्षभर की गतिविधियों की जानकारी ट्रस्ट के सचिव लोकेश निधि ने प्रस्तुत की। विभिन्न प्रकल्पों में उत्कृष्ट सेवा कार्य करने वाले सदस्यों को सम्मान चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भक्तामर स्तोत्र पाठ से हुई, इसके बाद ‘तत्व प्रसाद नमो जीमाणं जियभ्याणं’ का सामूहिक पाठ हुआ।
एसएस जैन सभा पंचकूला के प्रधान सन जैन ने आए हुए सभी अतिथियों का स्वागत किया। मंच संचालन जेपी जैन ने किया और उपस्थित जनसमूह को गुरुकुल के इतिहास एवं कार्यों के बारे में अवगत कराया। महामंत्री नंदीवर्धन जैन ने सभी अतिथियों का परिचय करवाया और स्वागत किया। इस अवसर पर महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पंजाब और हरियाणा सहित देशभर से लगभग 1000 श्रद्धालु पहुंचे और श्रद्धा-भक्ति का परिचय दिया।