चंडीगढ़। हरियाणा की जेल में बंद पंजाब की नौदीप कौर के मामले का पंजाब महिला आयोग ने संज्ञान लिया है। आयोग की अध्यक्ष ने हरियाणा जेल विभाग को पत्र लिखकर नौदीप को जेल में सुरक्षा और कानूनी सहायता देने को कहा है। करनाल जेल में बंद नौदीप से पंजाब राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष मनीषा गुलाटी 15 फरवरी को दोपहर 12 बजे मिलने पहुंचेंगी।
आयोग के प्रवक्ता ने बताया कि पंजाब राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष द्वारा यह मामला हरियाणा राज्य की समकक्ष के सामने उठाया था और उनको इस मामले में दखल देने की अपील की थी। इस पर हरियाणा राज्य महिला आयोग द्वारा हरियाणा के जेल विभाग के डायरेक्टर जनरल के. सेल्वाराज को पत्र लिखकर हिदायत दी गई कि हरियाणा राज्य महिला आयोग एक्ट के अनुसार पंजाब के मुक्तसर जिले के गांव गियादड़ की निवासी नौदीप कौर को कानूनी सहायता मुहैया करवाई जाए और जेल में सुरक्षा भी दी जाए।
प्रवक्ता ने बताया कि इसके अलावा हरियाणा महिला आयोग की अध्यक्ष ने पंजाब राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष और नौदीप कौर के साथ होने वाली मुलाकात के लिए डायरेक्टर जनरल जेल को सभी जरूरी प्रबंध करने की हिदायत करते हुए एक्शन टेकन रिपोर्ट पेश करने को भी कहा है।