नरवाना ट्राइसिटी सोशल मंच के पदाधिकारी।
- फोटो : PKL OFFICE
चंडीगढ़/पंचकूला। नरवाना ट्राइसिटी सोशल मंच ने पंचकूला के सेक्टर-20 में एक विशाल भंडारे का आयोजन किया। इसमें करीब दो हजार लोगों ने भाग लिया। नरवाना ट्राइसिटी सोशल मंच में हाईकोर्ट के कई वरिष्ठ वकील, वरिष्ठ अधिकारी और विधायक सदस्य हैं। इस मौके पर हरियाणा के पूर्व एडवोकेट जनरल एवं हाईकोर्ट के वरिष्ठ वकील एसके गर्ग नरवाना ने कहा कि नरवाना के लोग ट्राइसिटी में अच्छी तादाद और स्थिति में हैं। वह सामाजिक सरोकार के अपने कर्तव्य के प्रति सजग हैं। मंच के वरिष्ठ सदस्य ललित गुप्ता अमरगढ़ वालों ने मंच की कार्यप्रणाली के बारे में बताया कि ट्राई सिटी में काफी संख्या में नौकरीपेशा, पेशेवर, व्यापारी लोग हैं जो नरवाना से हैं। इन सभी को एक मंच पर लाकर सामाजिक सरोकार का काम करना मंच का मुख्य उद्देश्य है। चंडीगढ़ के एसएसपी खुद भी नरवाना तहसील से हैं। मंच के संगठन अधिकारी प्रभात जैन ने कहा कि मंच जरूरतमंद जगह पर भंडारे का प्रबंध करेगा। मंच प्रतिनिधि सुरेंद्र जैन ने कहा कि समाज सेवा से बढ़कर कोई दूसरा कार्य नहीं है। उनका मंच इसी धारणा के साथ आगे बढ़ेगा। मंच के सदस्य चंदगी राम मित्तल ने कहा कि जल्द ही एक रोड मैप भी तैयार किया जाएगा, जिसके जरिए जनोपयोगी कार्यक्रम के जरिए समाज की सेवा और साथियों को एक साथ लाने की कोशिश की जाएगी। इस कार्यक्रम में पंचकूला के पूर्व एसडीएम व वरिष्ठ अधिकारी जगदीप ढ़ाडा, हरियाणा खादी ग्राम उद्योग के चेयरमैन व विधायक रामनिवास सुरजा खेड़ा, पंचकूला एमसी सुशील गर्ग, जितेंद्र अग्रवाल, धर्मपाल गर्ग आदि मौजूद रहे।