चंडीगढ़। कैबिनेट मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने बिहार सरकार के कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह-लेन पुल का नाम नीतीश सेतु रखने के फैसले की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि पुल का नाम श्री गुरु गोबिंद सिंह के नाम पर रखने का प्रस्ताव विचाराधीन था। ऐसे में इसका नाम बदलना गलत है।
चीमा ने शनिवार को कहा कि दसवें सिख गुरु श्री गुरु गोबिंद सिंह को समर्पित करने के प्रस्ताव से पीछे हटना दुखद है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सिख भावनाओं का सम्मान करने की अपील की। चीमा के अनुसार, बिहार सरकार पूर्व सीएम नीतीश कुमार का सम्मान करने के अन्य तरीके ढूंढ सकती है लेकिन श्री गुरु गोबिंद सिंह के सम्मान में रखे जाने वाले नाम के प्रस्ताव से पीछे हटना गलत है। पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां ने भी प्रधानमंत्री मोदी से फैसला वापस लेने की अपील की। उन्होंने सिख समुदाय और बिहार के लोगों की भावनाओं का सम्मान करने को कहा।
सिख संगठनों से अपील
आप पंजाब के मुख्य प्रवक्ता और विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने बिहार सरकार के इस फैसले को सिख भावनाओं का अपमान बताया। उन्होंने कहा कि पुल का नाम दसवें सिख गुरु साहिब के नाम पर ही होना चाहिए। धालीवाल ने श्री अकाल तख्त साहिब और शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) से इस फैसले पर गंभीरता से ध्यान देने को कहा। उन्होंने अन्य सिख संगठनों से भी जिम्मेदार लोगों को जवाबदेह ठहराने की अपील की।