फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

फरीदाबाद के नाहर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के आए अच्छे दिन

विज्ञापन
विज्ञापन
हरियाणा के फरीदाबाद में स्थित राजा नाहर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के पुराने दिन लाने में सरकार जुट गई है। इसके जीर्णोद्धार पर कुल 115 करोड़ रुपये की राशि खर्च होगी। जीर्णोद्वार का 40 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। खेल राज्य मंत्री संदीप सिंह ने प्रश्नकाल में यह जानकारी दी। वह हिसार से भाजपा विधायक डॉ. कमल गुप्ता के सवाल का जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि नाहर स्टेडियम का निर्माण वर्ष 1987 में किया गया था। यहां पर आठ एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच व छह महिला एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच हो चुके हैं। यहां फिर से अंतरराष्ट्रीय मैच कराना सरकार की प्राथमिकता है। संदीप ने बताया कि हिसार में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम बनाने का कोई प्रस्ताव सरकार के विचाराधीन नहीं है। नया स्टेडियम बनाने में लगभग दो सौ करोड़ का बजट चाहिए। खेल विभाग के पास पहले ही बजट की कमी है। क्रिकेट के लिए वैसे भी निजी एसोसिएशन बनी हुई हैं। वे ही इसका सारा कामकाज देखती हैं। भविष्य में बजट होने पर इस पर विचार करेंगे। इस पर कमल गुप्ता ने कहा कि पूर्व सरकार में सीएम मनोहर लाल ने जमीन मिलने पर क्रिकेट स्टेडियम निर्माण की घोषणा की थी। 70 एकड़ जमीन के दस्तावेज सहित स्टेडियम बनाने का प्रस्ताव उन्होंने सरकार को भेजा हुआ है। हिसार में अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के साथ ही बेहतर रेल व सड़क कनेक्टिविटी भी है। स्टेडियम बनाकर पर्यटन उद्योग को बढ़ावा दे सकते हैं। खेल मंत्री संदीप सिंह ने बताया कि क्रिकेट की खेल प्रतिभाओं के लिए जमीनी स्तर पर खिलाड़ियों का उभरकर आना जरूरी है। आम तौर पर क्रिकेट अकादमियां प्राइवेट स्तर पर चलाई जाती हैं। खेल विभाग के बजट में से अगर कोच और कर्मचारियों के वेतन, खिलाड़ियों को दी जाने वाली पुरस्कार राशि को निकाल दिया जाए तो केवल 130 करोड़ रुपये की राशि शेष रह जाती है। हिसार में महावीर स्टेडियम एक अच्छा स्टेडियम है, जहां पर 15 खेल खेले जाते हैं और यहां से 20 से अधिक अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी निकले हैं। इस स्टेडियम में 12 कोच नियुक्त हैं। कमल गुप्ता ने कहा कि स्टेडियम का निर्माण तो पूंजीगत व्यय से होगा। राजस्व व्यय से नहीं, इसलिए बजट कम होने का कोई सवाल ही नहीं उठता।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें