चंडीगढ़। 1 नवंबर को किसान आंदोलन को लेकर पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह द्वारा लिखे गए पत्र पर भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने ट्वीट कर कैप्टन के पत्र पर तंज किया है कि मुझे उनका इस क्षण तक कोई पत्र नहीं मिला है, फिर भी मैं उनके पत्र का जवाब दे रहा हूं। मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह को टैग करते हुए उन्होंने लिखा है कि मुझे एक नवंबर को मीडिया रिपोर्टों के अनुसार यह उनके पत्र की जानकारी मिली है। हालांकि हालांकि इस क्षण तक मुझे उनकी ओर से ऐसा कोई पत्र अभी नहीं मिला है, फिर भी मैं उनके पत्र का जवाब दे रहा हूं। नड्डा ने कैप्टन के पत्र पर तंज करते हुए लिखा है कि ऐसा लगता है कि मुख्यमंत्री ने यह पत्र केवल मीडिया के लिए तैयार किया था, जिसका उद्देश्य केवल और केवल राजनैतिक शोर करना था। उन्हें किसानों द्वारा उठाए जा रहे मुद्दों के समाधान को लेकर कोई चिंता नहीं है। वैसे भी मैं पंजाब के मुख्यमंत्री को यह विश्वास दिला सकता हूं कि भाजपा किसानों और देश के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। बता दें कि किसानों के आंदोलन को लेकर पंजाब में सियासी घमासान मचा हुआ है। मालगाड़ियों के संचालन नहीं होने से सूबे के थर्मल पावर प्लांट बंद होने से सूबे के हालातों को लेकर एक नवंबर को कैप्टन ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को खुला पत्र लिखा था।