चंडीगढ़। नाभा की बीडीपीओ बलजीत कौर का तबादला कर दिया गया है और उन्हें मुख्य दफ्तर मोहाली में रिपोर्ट करने के निर्देश दिए गए हैं। नामांकन में बाधा डालने और पक्षपात के आरोप के बाद ही उनके खिलाफ यह कार्रवाई की गई है।
राज्य चुनाव आयोग के पास इस संबंधी शिकायत आई थी जिसके बाद ही जिला परिषद और पंचायत समिति चुनाव के दौरान उनको किसी भी तरह की चुनाव संबंधी ड्यूटी में तैनात न करने के निर्देश दिए गए हैं। चुनाव से संबंधित आयोग को काफी शिकायतें मिली थीं जिसके बाद ही जिला चुनाव अधिकारी से इस संबंध में रिपोर्ट मांगी गई थी।
आयोग ने पाया कि जांच रिपोर्ट भी संबंधित विभाग के एक अधिकारी की तरफ से ही तैयारी की गई। आयोग ने खुद भी सोशल मीडिया पर वीडियो की जांच की जिसमें बीडीपीओ का आचरण सहीं नहीं पाया गया। इस सब के बाद ही उनका तबादला करने के आदेश जारी किए गए।