पंजाब सरकार द्वारा राज्य में निवेशकों को लाने के लिए फरवरी में मोहाली में आयोजित की जाने वाली इन्वेस्टर्स मीट में पुलिस भी नई लुक में दिखेगी। आयोजन स्थल के अंदर पुलिस मुलाजिम खाकी वर्दी की जगह कॉरपोरेट लुक यानी सूट बूट में तैनात रहेंगे। साथ ही समिट में आने वाले मेहमानों को सर और मैडम कहकर संबोधित करेंगे।
इतना ही नहीं अन्य मुलाजिमों की सॉफ्ट स्किल सुधारने की दिशा में काम किया जा रहा है। पुलिस का दावा है कि सुरक्षा पहरा मजबूत रहेगा, तीसरी आंख से भी हर स्थिति पर नजर रखी जाएगी।गत कांग्रेस सरकार के समय तत्कालीन मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की अगुवाई में जब मोहाली में इन्वेस्टर्स मीट करवाई गई थी, उस समय सुरक्षा घेरे में सेंध लगाकर एक व्यक्ति आयोजन स्थल में घुस गया था।
इस बार इस तरह की स्थिति न बने तो पुलिस समिट के लिए माइक्रो लेवल पर सिक्योरिटी प्लान तैयार कर रही है। आयोजन स्थल से लेकर एयरपोर्ट तक 2600 मुलाजिमों व अधिकारी तैनात करने की रणनीति बन रही है।
आयोजन स्थल पर त्रि स्तरीय सुरक्षा कवच रहेगा। पहले रिंग में सूट बूट में पुलिस के जवान रहेंगे। इसके बाद स्पेशल टीम के जवान होंगे, जबकि आयोजन स्थल के बाहरी साइड में पुलिस दस्ते तैनात रहेंगे।
इसके अलावा सभी प्रवेश द्वार पर कैमरों से नजर रखी जाएगी। साथ ही समिट स्थल पर एंट्री के लिए स्पेशल कार्ड बनाए जाएंगे। इसके अलावा पुलिस की तरफ वैकल्पिक रूट प्लान तैयार किया जाएगा। आईजी हेडक्वार्टर सुखचैन सिंह गिल का कहना है कि सुरक्षा प्रबंधों को लेकर सारे इंतजाम किए जा रहे हैं। कई चरणों पर पुलिस काम कर रही है।
सड़कों पर विजय पताका करेगी मेहमानों का स्वागत
इन्वेस्टर्स मीट के लिए एयरपोर्ट से आयोजन स्थल पर जाने वाली सड़क पर मेहमानों का स्वागत विजय पताकाओं से होगा। यह जिम्मेदारी पंजाब हाउसिंग एंड अर्बन डिपार्टमेंट की इकाई उठाएगी। साथ ही एयरपोर्ट रोड को भी सुधारा जाएगा। सड़क के दोनों तरफ करीब 30 से 35 किस्मों के फूल रहेंगे। वहीं, इलाके की पूरी लाइट हॉट लाइन से जोड़ा जाएगा। एयरपोर्ट रोड पर समिट के दौरन लावारिस पशुओं को रोकने के लिए उचित कदम उठाए जाएंगै।