संवाद न्यूज एजेंसीपंचकूला। ग्रेड-पे बढ़ाने की मांग को लेकर हरियाणा रोडवेज के पंचकूला डिपो में परिचालकों ने काले बिल्ले लगाकर सरकार के प्रति अपनी नाराजगी जताई। कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी भी की। परिचालकों की अध्यक्षता परिचालक राजकुमार ने की।
राजकुमार ने बताया कि परिचालकों का काम जोखिम भरा है। लंबे रूटों पर लगातार ड्यूटी करते हैं, मगर अन्य कर्मचारियों की अपेक्षा उनका ग्रेड पे काफी कम है। परिचालकों ने कहा कि महंगाई के इस दौर में कर्मचारियों को अपने घर का गुजारा चलाना भी मुश्किल हो गया है। ग्रेड पे बढ़ाने की मांग को लेकर परिचालक कई बार सरकार के सम्मुख अपनी मांग उठा चुके हैं, मगर उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि अगर सरकार परिचालकों की मांग पर गंभीरता से विचार नहीं करती है तो मजबूरी में उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा। इस अवसर पर पंचकूला डिपो के परिचालक मनदीप सिंह, कुलदीप, जसविंदर, सूर्यवंशी, राहुल, शशीचंद्र और सुरजीत सिंह ने काले बिल्ले लगाकर वेतन वृद्धि के लिए रोष जताया।