संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। सेक्टर-2 निवासी महिला से कस्टमर केयर कर्मचारी बनकर 68 हजार रुपये ठगने का मामला सामने आया है। साइबर थाना पुलिस ने महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, रावी पंडेर ने शिकायत में बताया कि उन्होंने 23 जनवरी को ब्लू डार्ट कोरियर कंपनी के माध्यम से अपनी बेटी को दस्तावेज दिल्ली भेेजे थे। 24 जनवरी को उनकी बेटी को कोरियर नहीं मिला तो उन्होंने कंपनी के ऑफिस मेंं फोन किया, लेकिन नंबर नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने गूगल पर कंपनी का नंबर सर्च किया। उन्हें एक नंबर मिला जिस पर शिकायतकर्ता ने बात की तो उसने कहा की आप मुझे दो रुपये गूगल पे करो यह हमारी कंपनी की पॉलिसी है। शिकायतकर्ता ने कहे अनुसार दो रुपये गूगल पे कर दिया। उसके बाद आरोपी ने एक फार्म भरने के लिए कहा। उन्होंने फार्म भर दिया। 25 जनवरी को शिकायतकर्ता को एक मैसेज प्राप्त हुआ कि उनके खाते से 68800 और 155 रुपये निकाले गए हैं। इसके बाद उन्होंने अपने बैंक से संपर्क किया तो उन्हें धोखाधड़ी के बारे में पता चला। इसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई।