संवाद न्यूज एजेंसीपंचकूला। बरवाला में डेबिट कार्ड बदलकर खाते से 28 हजार रुपये निकालने का मामला सामने आया है। चंडीमंदिर पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, डेराबस्सी निवासी अशोक कुमार ने शिकायत में बताया कि वे पशुपालन विभाग हिमाचल प्रदेश से सेवानिवृत्त हैं। उनका यूको बैंक ब्रांच सोलन, हिमाचल प्रदेश में खाता है। उसमें उनकी पेंशन आती है। उनकी बेटी की शादी हो चुकी है। 12 जनवरी को उनकी बेटी आई हुई थी। 19 जनवरी को उनकी बेटी और भतीजा बरवाला स्थित एटीएम बूथ से उनका डेबिट कार्ड लेकर पैसे निकलवाने गए थे। जब वे एटीएम बूथ से पैसे निकालने गए तो पीछे से दो अज्ञात व्यक्ति बूथ के अंदर आ गए। इसके बाद दोनों व्यक्ति कहने लगे कि रुपये निकालने में मदद करेंगे। शिकायतकर्ता की बेटी ने दोनों को मना कर दिया, लेकिन वे नहीं माने और आरोपियों ने मदद करने के बहाने डेबिट कार्ड ले लिया। उसके बाद चालाकी से कार्ड बदल दिया, जिसका उन्हें पता नहीं चला। इसके बाद आरोपियों ने शिकायतकर्ता के खाते से 28000 रुपये का लेनदेन सियाराम गारमेंटस, बीकानेर में ऑनलाइन कर दिया। इसका संदेश उनके फोन पर आया। शिकायतकर्ता ने मैसेज अगले दिन देखा। इसके बाद उन्हें धोखाधड़ी का पता चला। इसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई।