चंडीगढ़ में सेक्टर-40 में पत्नी शशि बाला की बीमारी से परेशान होकर चाकू से उनकी गला रेतकर हत्या करने के बाद पति लक्ष्मी दास ने भी अपना गला रेत लिया था। बुजुर्ग दंपती के शवों का सोमवार को जीएमएसएच-16 में डॉक्टरों के पैनल ने पोस्टमार्टम किया। इस दौरान परिजन भी मौजूद रहे। पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिए गए। रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि पति लक्ष्मी दास ने पत्नी शशि बाला के गले पर चाकू से वार किए थे।
इसके अलावा उनके सिर पर भी चोट का निशान पाए गए हैं। शशि बाला ने इस दौरान अपने हाथ पैर हिलाए थे। इस कारण लक्ष्मी दास के हाथों पर खरोचें भी आईं, लेकिन इसके बावजूद लक्ष्मी दास का दिल नहीं पसीजा। पत्नी की हत्या के बाद लक्ष्मी दास ने ब्लेड व चाकू के जरिए अपने गले की नस काटी। पुलिस को शव के पास से ब्लेड, कैंची बरामद हुई थी जबकि चाकू वॉश बेसिन में पड़ी थी।
बीते रविवार सुबह सेक्टर-40 के मकान नंबर-674 में निवास लक्ष्मी दास और उनकी पत्नी का शव घर में बेड पर लहूलुहान हालत में मिला था। पुलिस को मौके से सुसाइड नोट भी बरामद हुआ, जिसमें लिखा था कि वह अपनी पत्नी के बीमारी से परेशान होकर यह कदम उठा रहे हैं। इसके लिए वह खुद जिम्मेदार हैं। सेक्टर-39 थाना पुलिस ने मृतक के बेटे अनिल कुमार (50) की शिकायत पर पिता लक्ष्मी दास के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया था।